विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजधानी ट्रेन से असम से हेरोइन लाता था तस्कर, हाजीपुर स्टेशन पर 276.83 ग्राम के साथ गिरफ्तार

Published: Wed, 04 Nov 2026 06:22 PM (IST)

हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन नीलकंठ के तहत एक तस्कर को 276.83 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। यह ...और पढ़ें

प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार। जागरण

प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार। जागरण

HighLights

  1. हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर हेरोइन तस्कर गिरफ्तार।

  2. 276.83 ग्राम हेरोइन और नकदी बरामद।

  3. असम से राजधानी ट्रेन से लाता था मादक पदार्थ।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। नगर थाना की पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे आपरेशन नीलकंठ के तहत कार्रवाई करते हुए हाजीपुर रेलवे स्टेशन के गेट नंबर दो के निकट से एक तस्कर को 276.83 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।

एसटीएफ से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार तस्कर की पहचान देसरी थाना क्षेत्र के नयागंज सोनार टोली निवासी बुद्धू राय के पुत्र अमरेश कुमार के रूप में हुई है।

उसके पास से 276.83 ग्राम हेरोइन (कोटा), 3,170 रुपये नकद, दो मोबाइल, दो आधार कार्ड और एक रेलवे टिकट बरामद किया गया है। इस मामले में नगर थानाध्यक्ष ने गिरफ्तार तस्कर समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

नगर थाना कांड संख्या 1069/26 दर्ज कर गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। यह जानकारी बुधवार को सदर-1 एसडीपीओ सुबोध कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

उन्होंने बताया कि वैशाली पुलिस जिले में मादक पदार्थों के सेवन और बिक्री पर रोक लगाने तथा तस्करों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन नीलकंठ चला रही है।

एसटीएफ हाजीपुर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति असम से ट्रेन के रास्ते भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर हाजीपुर आने वाला है। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के निर्देश पर सदर-1 एसडीपीओ के नेतृत्व में नगर थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।

दंडाधिकारी के रूप में नगर परिषद हाजीपुर के कनीय अभियंता की मौजूदगी में हाजीपुर जंक्शन के गेट नंबर दो के निकट से अमरेश कुमार को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया।

छह महीने में पांच बार असम जाने की जानकारी

पुलिस पूछताछ में जानकारी मिली कि गिरफ्तार तस्कर पिछले छह महीने में करीब पांच बार असम गया था। वहां से हेरोइन लाकर वैशाली समेत आसपास के जिलों में बेचता था।

पुलिस के अनुसार, किसी को संदेह न हो, इसलिए वह राजधानी ट्रेन से यात्रा करता था। पुलिस को वित्तीय लेन-देन की जांच में उसके परिवार के कुछ सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं।

पुलिस के अनुसार, उसके पास दो आधार कार्ड थे और वह एक फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल होटल में ठहरने के लिए करता था। पूछताछ के दौरान उसने मादक पदार्थ के स्रोत और उसे पहुंचाने वाले लोगों के संबंध में भी जानकारी दी है।

पूछताछ में तस्करी नेटवर्क का किया खुलासा

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अमरेश कुमार ने बताया कि वह और राजापाकर थाना क्षेत्र के सरमस्तपुर, बिशनपुर सईद उर्फ बाकरपुर निवासी हृदय राय के पुत्र सुरेंद्र राय 30 अक्टूबर को गुवाहाटी गए थे।

गुवाहाटी में सुरेंद्र राय ने त्रिपुरा के देपाछेरा, हिराछारा निवासी खुदीराम उरांग के पुत्र रुपन उरांग से 23 डिब्बा हेरोइन लेकर उसे दिया और स्वयं गुवाहाटी के रास्ते हाजीपुर निकल गया।

उसने पुलिस को बताया कि पुलिस से बचने के लिए वह गुवाहाटी के बजाय विश्वनाथ चरालि स्टेशन से राजधानी ट्रेन पकड़कर 23 डिब्बा हेरोइन बैग में लेकर हाजीपुर पहुंचा था।

यह हेरोइन देसरी थाना क्षेत्र के चांदपुरा नन्हकर निवासी प्रदीप राय के पुत्र वीर बहादुर राय और बिदुपुर थाना क्षेत्र के कैथौलिया मनियारपुर निवासी सुरेश राय उर्फ अरुण जी को पहुंचानी थी।

पूछताछ में उसने यह भी बताया कि देसरी थाना क्षेत्र के नयागंज सोनार टोली निवासी जितेंद्र सिंह के पुत्र रौशन कुमार उसे फर्जी आधार कार्ड और आने-जाने के लिए ट्रेन टिकट उपलब्ध कराता था।

पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है। मामले में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।