नशे में धुत पिता को बच्चे को रोने पर आया गुस्सा, घोंट डाला मासूम का गला
नशे में धुत एक पिता को अपने बेटे को रोने पर गुस्सा आ गया। नशे में उसने मासूम का गला घोंट डाला। पूरी जानकारी के लिए पढ़ें यह खबर।
वैशाली [जेएनएन]। मासूम बेटे के रोने से शराबी पिता की नींद में खलल पड़ी। इस कारण उसे इतना गुस्सा आया कि बेटे का गला घोंट डाला। दिल हिला देने वाली यह घटना बिहार के वैशाली जिला स्थित सराय के सलेमपुर गांव में देर रात हुई।
जानकारी के अनुसार गांव के देवकुमार राय की शादी चार साल पहले हुई है। बीती रात वह नशे में धुत होकर घर आया। इस दौरान घर में सो रहे डेढ़ माह के बेटे की नींद खुल गई। मां को वहां नहीं पाकर वह रोने लगा। पिता ने उसे शांत होने के लिए कहा, लेकिन वह और जोर से रोने लगा। इसपर गुस्साए पिता ने मासूम का गला घोंट डाला।
घटना बुधवार की रात करीब नौ बजे की है। उस समय बच्चे की मां अनिता देवी पड़ोस में गई थी। घटना के बाद घर मे कोहराम मच गया। अनिता परिजनों के साथ बेटे आदित्य को लेकर अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर पहुंचे अनिता के मायके वाले सदर अस्पताल पहुंचे और ससुराल वालों से हाथापाई की। पुलिस ने दोनो पक्षों को शांत कराया।