विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 23, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

स्वर्ण व्यवसायी की हत्या के विरोध में शव को राजेंद्र चौक पर रखकर प्रदर्शन

By JagranEdited By:
Published: Thu, 23 Jun 2022 11:10 PM (GMT+05:30)

जागरण संवाददाता हाजीपुर हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के मड़ई रोड पर बुधवार की रात्रि

स्वर्ण व्यवसायी की हत्या के विरोध में शव को राजेंद्र चौक पर रखकर प्रदर्शन
स्वर्ण व्यवसायी की हत्या के विरोध में शव को राजेंद्र चौक पर रखकर प्रदर्शन

जागरण संवाददाता, हाजीपुर :

हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के मड़ई रोड पर बुधवार की रात्रि स्वर्ण व्यवसायी सुनील कुमार की गोली मारकर हत्या कर देने के विरोध में गुरुवार की सुबह स्वजनों एवं स्वर्ण व्यवसायी संघ के सदस्यों ने राजेंद्र चौक पर शव को रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी अविलंब बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। वहीं शहर के राजेंद्र चौक, समाहरणालय गेट, नगर थाना हाजीपुर के निकट शव को रखकर प्रदर्शन किया। वहीं शहर में दुकानें बंद रही। प्रदर्शनकारी शहर में व्यवसायियों की सुरक्षा की मांग कर रहे थे। आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि शहर के भीड़-भाड़ वाले इलाके में बदमाश घटना करके निकल जाते हैं और पुलिस देखती रह जाती है। जिला में कई स्वर्ण व्यवसायी की हत्या कर दी गई एवं कई स्वर्ण-आभूषण की दुकानों को लूट लिया गया। पुलिस कार्रवाई के नाम पर लीपापोती करती है। शहर में स्वर्ण व्यवसायियों में हाजीपुर में बैठक कर स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

हत्या के विरोध में बंद रही शहर के अधिकतर दुकानें

बुधवार की रात मड़ई रोड पर नीलम ज्वेलर्स के मालिक सुनील कुमार की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के विरोध में शहर में स्वर्ण व्यवसायियों के अलावा अन्य दुकानदार भी अपनी दुकानों को बंद रखा। शहर के दुकानदारों ने अपनी दुकानों को बंद कर स्थानीय प्रशासन के खिलाफ गंभीर नाराजगी का इजहार किया। दुकानदारों ने शहर में व्यवसायियों की सुरक्षा की मांग स्थानीय प्रशासन से की। स्वर्ण व्यवसायी की हत्या के विरोध में मड़ई रोड, सुभाष चौक, राजेंद्र चौक, सिनेमा रोड, कचहरी रोड, गुदरी रोड, अस्पताल रोड समेत शहर की अधिकतर दुकानें और बाजार बंद रही। बंद के दौरान सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। चौबीस घंटे बीतने के बाद भी बदमाश पुलिस की पकड़ से बाहर

शहर के मड़ई रोड पर नीलम ज्वेलर्स के मालिक सुनील कुमार की हत्या मामले में चौबीस घंटा बीतने के बाद भी बदमाश पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। हालांकि, आरोपित के गिरफ्तारी के लिए पुलिस ताबड़-तोड़ शहर में छापेमारी कर रही है। बीते बुधवार की रात्रि लगभग 8 बजे मड़ई रोड पर नीलम ज्वेलर्स के मालिक की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद बदमाश फायरिग करते पासवान चौक की तरफ भाग निकले। घटना के चौबीस घंटे बीतने के बाद भी पुलिस बदमाशों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

पुलिस कप्तान के निर्देशन में पुलिस कर रही छापेमारी

पुलिस कप्तान मनीष के नेतृत्व में घटना के बाद बदमाशों के कई ठिकानों पर छापेमारी की गई। बदमाशों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस रात भर शहर के विभिन्न चौक-चौराहे पर वाहनों की जांच की। घटना के बाद पूरे शहर की नाकेबंदी कर दी गई। एसपी मनीष के निर्देशन में एसडीपीओ राघव दयाल, डीआइयू की टीम करीब एक दर्जन से अधिक तेज-तर्रार पुलिस पदाधिकारी रात भर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करते रहे।

सुरक्षा को ले शहर में रही भारी संख्या में बलों की तैनाती

स्वर्ण व्यवसायी की हत्या के विरोध में लोगों के आक्रोश को देखते हुए गुरुवार को शहर के विभिन्न रोड पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। शहर की नाकेबंदी कर जहां ऐ ओर पुलिस सभी चौक-चौराहों पर मुस्तैद दिखी वहीं बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए रात भर पुलिस छापेमारी करती रही। बावजूद पुलिस बदमाश को गिरफ्तार करने में सफल नहीं हुई। चौबीस घंटे बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय स्वर्ण व्यवसायियों में रोष व्याप्त है। स्वर्ण व्यवसायी एवं स्थानीय दुकानदार घटना में आरोपित की गिरफ्तारी की लगातार मांग कर रहे हैं।

स्वर्ण व्यवसायी सुनील की हत्या के विरोध में बंद रहा फुलहारा बाजार

नीलम ज्वेलर्स के मालिक सुनील कुमार की हत्या के विरोध में गुरुवार को अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ ने फुलहारा बाजार को बंद रखा। बंद के दौरान स्वर्ण व्यवसायियों ने स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी का इजहार किया। मृतक की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया। संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद ने कहा कि यह बहुत ही दुखद बात है कि हम स्वर्णकार भाइयों को ही अपराधी निशाना बना कर हत्या कर रहे हैं और प्रशासन मूकदर्शक बनी है। जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी एवं मृतक के परिवार को मुआवजा एवं परिवार को सुरक्षा प्रदान नहीं किया जाएगा तब तक इसी तरह विरोध प्रकट किया जाएगा। इस दौरान ईश्वर चंद्र प्रसाद, अरुण कुमार गुप्ता, धर्मेंद्र कुमार, बृज मोहन, राकेश, संजीत, प्रेम, चंदेश्वर सोनी एवं कई व्यवसायी मौजूद थे।

हत्या के विरोध में महुआ में बंद रही आभूषण की दुकानें

हाजीपुर में स्वर्ण व्यवसायी की हत्या के विरोध में महुआ के स्वर्ण व्यवसायियों ने अपनी अपनी दुकानें बंद कर प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। बुधवार की शाम हाजीपुर में स्वर्ण व्यवसायी सुनील कुमार की गोली मारकर बदमाशों ने हत्या कर दी थी। विरोध में महुआ के स्वर्ण व्यवसायियों ने गुरुवार को अपनी अपनी दुकानें बंद कर नाराजगी जताई। स्वर्ण व्यवसायियों ने हत्या के आरोपितों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग प्रशासन से की।

इस मौके पर स्वर्ण व्यवसायी राजू साह, राजू कुमार सोनी उर्फ लल्ली, प्रिस सोनी, सुनील कुमार, गणेश सोनी, आलोक सोनी, रंधीर साह, राजेश साह, सुनील साह, पप्पू साह, मुरारी साह, गणेश सोनी, बिट्टू, सनी कुमार, प्रमोद साह, पवन कुमार सोनी, विनोद कुमार, अमित कुमार मौजूद थे।