राशन-किरासन नहीं मिलने पर उपभोक्ताओं ने किया हंगामा
वैशाली। राशन-केरोसिन नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने बुधवार को जमकर हंगामा किया। राघोपुर की मलिकपुर पंचायत की वार्ड संख्या 6 के उपभोक्ताओं ने जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं पर मनमानी का आरोप लगाया। उनका आरोप था कि पिछले दो माह से राशन नहीं मिला है।
वैशाली। राशन-केरोसिन नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने बुधवार को जमकर हंगामा किया। राघोपुर की मलिकपुर पंचायत की वार्ड संख्या 6 के उपभोक्ताओं ने जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं पर मनमानी का आरोप लगाया। उनका आरोप था कि पिछले दो माह से राशन नहीं मिला है।
हंगामा कर रही मलिकपुर की वार्ड संख्या 6 की किस्मतीया देवी, धर्मशिला देवी, सुनीता देवी, उमा देवी, कृष्णा देवी, कलेश्वर दास, जगजीवन दास आदि ने बताया कि पंचायत के जन वितरण प्रणाली विक्रेता शीला देवी द्वारा जमकर मनमानी की जा रही है। डीलर ने बीते अगस्त एवं सितंबर माह का राशन नहीं दिया। डीलर ने पूर्व में भी एक माह का राशन देकर कार्ड पर दो माह का राशन जबरदस्ती चढ़ा दिया है। कलेश्वर दास ने बताया कि वार्ड संख्या 6 के दर्जनों लोगों का पिछले दो माह से राशन एवं केरोसिन नहीं दिया गया। यह भी कहा कि राशन तौल में कम रहता है और पैसे अधिक लिए जाते हैं। 50 किलो के बोरा में 35 से 40 किलो राशन दिया जाता है। इसकी शिकायत विभागीय पदाधिकारी से कई बार की गई। इसके बावजूद सुधार नहीं हो रहा है। डीलर की मनमानी चरम पर है। लोगों ने बताया कि 5 किलो की जगह 4 किलो राशन दिया जाता है एवं 1 किलो पर एक रुपया अधिक वसूला जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि सितंबर माह के लिए डीलर ने राशन उठाव कर लिया लेकिन उपभोक्ताओं में राशन का वितरण नहीं किया गया। ग्रामीण सूत्रों के अनुसार राशन का उठाव करके कालाबाजारी कर बेच दिया गया है। ऐसे में उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिलने से उपभोक्ता नाराज हैं।
ज्ञात हो कि राघोपुर प्रखंड की लगभग सभी पंचायतों में जन वितरण प्रणाली विक्रेता द्वारा जम कर मनमानी की जा रही है। तौल में अनाज कम देना और पैसा ज्यादा लेना लगभग सभी जगह हो रहा है। एक माह का राशन देकर दो माह का राशन कार्ड पर चढ़ा देने जैसी शिकायतें भी आम हैं। प्रखंड के कई पंचायतों में कई महीनों से राशन का वितरण नहीं किया गया।