विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैशाली: 9 महीने पहले शादी, अब ससुराल से रहस्यमय तरीके से गायब हुई BPSC टीचर; पिता बोले- हत्या कर शव गायब किया

Published: Fri, 27 Nov 2026 10:59 AM (IST)

जंदाहा के मुर्तुजापुर गांव से एक नवविवाहित बीपीएससी शिक्षिका रहस्यमय ढंग से लापता हो गई है। पिता ने दहेज प्रताड़ना के चलते हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वायड जांच में जुटे हैं।

9 महीने पहले हुई थी शादी, अब ससुराल से रहस्यमय तरीके से गायब हुई BPSC टीचर (AI Generated Image)

9 महीने पहले हुई थी शादी, अब ससुराल से रहस्यमय तरीके से गायब हुई BPSC टीचर (AI Generated Image)

HighLights

  1. नवविवाहित बीपीएससी शिक्षिका शिवानी कुमारी ससुराल से लापता।

  2. पिता ने दहेज के लिए हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया।

  3. पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम जांच में जुटी।

संवाद सूत्र, जंदाहा। स्थानीय महिसौर थाने की महिपुरा पंचायत स्थित मुर्तुजापुर गांव में एक नवविवाहित बीपीएससी शिक्षिका ससुराल से रहस्यमय ढंग से गायब हो गई। लापता शिक्षिका 27 वर्षीय शिवानी कुमारी के पिता ने ससुराल पक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए उसकी हत्या कर शव गायब कर देने की आशंका जताई है।

घटना के बाद पुलिस के साथ एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम जांच में जुट गई है। शिक्षिका बिदुपुर थाने के खपुरा निवासी कुंदन राय की पुत्री बताई गई है।

बताया गया है कि शिवानी की शादी गौरव अभिषेक से हुई थी। उसके पति भुवनेश्वर के अंगुल में रेलवे में जूनियर इंजीनियर हैं। उसके ससुर अभिनंदन कुमार राय जन वितरण प्रणाली की दुकान चलाते हैं, जबकि सास भी शिक्षिका हैं।

जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर की दोपहर शिक्षिका के ससुर ने उनके पिता को फोन करके किसी काम के सिलसिले में अपने घर बुलाया था।

जब पिता अपनी बेटी के ससुराल पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि उनकी बेटी घर से गायब है। इससे पहले लड़का पक्ष ने महिसौर थाने में शिक्षिका के लापता होने की सूचना दे दी थी।

बताया गया है कि गुरुवार की सुबह पिता दोबारा बेटी के ससुराल पहुंचे, लेकिन इस बार वहां का नजारा कुछ और ही था। पिता के अनुसार, घर में ताला लगा हुआ था और ससुराल पक्ष के सभी सदस्य वहां से फरार थे।

स्वजनों ने बताया कि परिवार के लोगों के मोबाइल फोन भी बंद आ रहे थे। इसके बाद मायके पक्ष से बड़ी संख्या में लोग मुर्तुजापुर पहुंच गए।

इस दौरान शिक्षिका के पिता कुंदन राय ने गंभीर आरोप लगाते हुए बेटी की हत्या कर शव गायब कर देने की बात कही है। उनकी बेटी वर्ष 2023 में बीपीएससी शिक्षिका बनी थीं और अपने ससुराल महिपुरा पंचायत के वार्ड संख्या एक स्थित सरकारी स्कूल में कार्यरत थीं।

पिता का आरोप है कि उनकी बेटी पर कथित तौर पर दबाव बनाकर स्कूल में 25 और 26 नवंबर की छुट्टी का आवेदन दिलवाया गया था।

उन्होंने बताया कि बेटी की शादी 05 फरवरी 2026 को सोनपुर के जन्नत गार्डन में हुई थी, जिसमें उन्होंने करीब 30 लाख रुपये नकद, स्कॉर्पियो गाड़ी और अन्य सामान दहेज में दिया था।

इसके बावजूद उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और नया मकान बनवाने के नाम पर पैसों की मांग की जा रही थी। बेटी फोन पर उन्हें दहेज को लेकर प्रताड़ित किए जाने की बात बताती थी।

घटना की सूचना मिलते ही जंदाहा थानाध्यक्ष अनामिका कुमारी और महिसौर थानाध्यक्ष आदर्श कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। वहीं, एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने शिक्षिका के कमरे से कुछ संदिग्ध नमूने एकत्र किए हैं।

शिक्षिका की तलाश और घटनास्थल की जांच के लिए डॉग स्क्वायड टीम ने भी मौके पर छानबीन की, लेकिन फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। स्वजनों ने महिसौर थाने में आवेदन देकर शीघ्र कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।