भगवानपुर से समस्तीपुर तक बिछेगी नई रेल लाइन, महुआ-ताजपुर होकर गुजरेगी ट्रेन; 1.47 करोड़ से सर्वे को हरी झंडी
वैशाली और समस्तीपुर जिले के लिए भगवानपुर-समस्तीपुर वाया महुआ-ताजपुर नई रेल लाइन परियोजना के फाइनल लोकेशन सर्वे को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है।

रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को मांग पत्र सौंपते पीएचईडी मंत्री संजय सिंह। सौ. स्वयं
HighLights
भगवानपुर-समस्तीपुर नई रेल लाइन के सर्वे को हरी झंडी।
महुआ-ताजपुर होकर गुजरेगी 49 किलोमीटर लंबी यह रेल लाइन।
सर्वे कार्य के लिए 1.47 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड अंतर्गत जाफरपट्टी में आगामी 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम के पूर्व रेलवे ने जिले को बड़ा ताेहफा दिया है।
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के संसदीय क्षेत्र हाजीपुर और समस्तीपुर के लाेगों को इसका खास लाभ मिलेगा।
वैशाली और समस्तीपुर जिले के लाखों लोगों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ गई है। भगवानपुर-समस्तीपुर वाया महुआ-ताजपुर 49 किलोमीटर नई रेल लाइन परियोजना के फाइनल लोकेशन सर्वे को रेलवे बोर्ड की ओर से आधिकारिक स्वीकृति मिल गई है।
सर्वे के लिए रेलवे ने मंजूर किए 1.47 करोड़
सर्वेक्षण कार्य के लिए रेलवे बोर्ड ने 01.47 करोड़ की राशि भी स्वीकृत कर दी है। बताया गया है कि इस परियोजना को गति देने के लिए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पहल पर बीते दिनों नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से अनुरोध किया गया था।
मुलाकात के दौरान उन्होंने महुआ और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी, यातायात सुविधा और व्यापारिक सुगमता के लिए इस नई रेल लाइन की महत्ता को रखा था और सर्वेक्षण कार्य को शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया गया था।
रेलमंत्री ने इस मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। रेलवे बोर्ड की ओर से सर्वे को मंजूरी मिलने को महुआ विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ वैशाली और समस्तीपुर जिलों के विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया जा रहा है।
इस रेल लाइन के बन जाने से भगवानपुर, महुआ, ताजपुर होते हुए समस्तीपुर तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे यात्रियों को पटना, समस्तीपुर और उत्तर बिहार आने-जाने में काफी सहूलियत होगी।
रेल नेटवर्क से महुआ, ताजपुर का होगा जुड़ाव
किसानों को अपनी उपज मंडी और बड़े शहरों तक पहुंचाने में आसानी होगी। स्थानीय व्यापार, रोजगार और छोटे उद्योगों को नया आयाम मिलेगा।
महुआ, ताजपुर जैसे क्षेत्रों का सीधा जुड़ाव रेल नेटवर्क से होगा। इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के प्रति आभार प्रकट किया है।
उन्होंने कहा कि महुआ की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करना और क्षेत्र का चौमुखी विकास करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके लिए प्रयास निरंतर जारी रहेगा। उक्त जानकारी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के युवा प्रदेश महासचिव संतोष शर्मा ने दी।