पैसा न देने पर खेत कब्जाने का आरोप लगा दबंगों ने किसान पिता-पुत्र को पीटा, तोड़ दिए हाथ-पैर Vaishali News
वैशाली में शुक्रवार को खेत को लेकर एक विवाद में पिता-पुत्र को दबंगों ने जमकर पीट दिया। हमले में किसान का हाथ और पैर टूट गया है।
नालंदा, जेएनएन। हरनौत में शुक्रवार दबंगों ने खेत कब्जाने का आरोप लगा विवाद के बाद किसान धनराज सिंह एवं इनके पुत्र सुधीर सिंह को लाठी-डंडे से पीट दिया। हमले में धनराज सिंह का हाथ-पैर टूट गया। घटना मुढारी गांव में घटी। सूचना पर पुलिस जांच के लिए पहुंच गई है।
बताया जा रहा है कि मूढारी गांव का ही रामराज यादव एवं रंजीत यादव एकमत होकर धनराज सिंह महतो से एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। इन दोनों का दावा है कि धनराज सिंह के पिता लालकेश्वर सिंह को दो वर्ष पहले रुपये कर्ज दिए थे। उन्होंने रुपये नहीं लौटाए और उनकी मौत हो गई। दोनों ने इकरारनामा पर लालकेश्वर सिंह के अंगूठे का निशान होने का दावा किया है। जबकि धनराज सिंह उसे फर्जी बता खारिज करते रहे।
सुबह बैठी पंचायत पर नहीं हुआ समझौता
तब रामराज यादव और रंजीत ने गांव में ऐलान कर दिया कि एक लाख रुपये के बदले धनराज के 18 कट्ठे के एक प्लाट पर कब्जा करेंगे। उस प्लाट में लगा धान भी काटने नहीं देंगे। इस मसले पर सुलह के लिए पंचायत भी बैठी थी, लेकिन यादव पक्ष रुपए वसूलने पर अड़ गया।
गोली से नहीं डरे तो जमकर की पिटाई
शुक्रवार को जब धनराज सिंह अपने पुत्र के साथ धान काट रहे थे तो उन्हें डराने के लिए यादव पक्ष की ओर से पहले फायरिंग की गई। जब गोलियों के डर से भी पिता-पुत्र खेत छोड़कर नहीं भागे तो उनपर लाठी-डंडे से हमला कर दिया और जमकर धुनाई कर दी।
वीडियो बन वाट्सएप पर किया वायरन
इधर, एक प्रत्यक्षदर्शी ने घटना का मोबाइल में वीडियो बना लिया है और कई वाट्सएप ग्रुप में वायरल कर दिया। मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। जबतक पुलिस पहुंची तबतक हमलावर भाग निकले। थानाध्यक्ष ने मारपीट में दो लोगों के जख्मी होने की बात स्वीकार की है। कहा, आरोपी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।