वैशाली में पुलिस टीम पर हमला, अपहरण के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग
बिहार के वैशाली में पुलिस के खिलाफ लोगों में जबर्दस्त गुस्सा है। वे पुलिसकर्मियों पर अपना गुस्सा उतारने लगे हैं। अपहरण के खिलाफ सड़क जाम भी किया गया है।
वैशाली [जेएनएन]। बिहार के वैशाली में पुलिस के खिलाफ लोगों में जबर्दस्त गुस्सा है। वे पुलिसकर्मियों पर अपना गुस्सा उतारने लगे हैं। बीती रात आक्रोशित ग्रामीणों ने गिरफ्तार करने गयी पुलिस टीम पर हमला कर दिया। साथ ही उसके खिलाफ गुरुवार को लोग सड़क पर उतर आए हैं। नारेबाजी करते हुए लोगों ने रोड जाम भी कर दिया है।
जानकारी के अनुसार वैशाली जिले के बिदुपुर थाना के रहीमापुर गांव के लाल बाबू झा की पुत्री के अपहरण मामले में पुलिस आरोपी के चाचा अरविंद चौधरी और एक नाबालिग लड़की को हिरासत में लिया था। इसके विरोध में बुधवार की देर रात में आक्रोशित लोगों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इस हमले में दो-तीन पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। लोगों ने पुलिस की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
इतना ही नहीं, लोग गुरुवार की सुबह सड़क पर उतरे अाए। लोगों ने हाजीपुर -महनार मुख्य मार्ग को रजासन चौक के निकट जाम कर दिया है। बताया जा रहा कि जिस लड़की के अपहरण के आरोप में पुलिस गिरफ्तार करने गए थी, वह मामला प्रेम प्रसंग का है। लेकिन, लड़की के परिजन ने बिदुपुर थाने में अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई है। बहरहाल लोग सड़क जाम कर पुलिस की कार्यशैली का विरोध कर रहे हैं।