रिश्वत मांगने के मामले में सहायक अवर निरीक्षक गिरफ्तार
ुुुुबिदुपुर।बिदुपुर थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक जय कुमार सिंह को रिश्वत मांगने का ऑडियो
जागरण टीम, वैशाली :
वैशाली जिले के बिदुपुर थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक जय कुमार सिंह को भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। वैशाली के एसपी गौरव मंगला के आदेश पर उक्त कार्रवाई की गई है। एक कांड में अभियुक्त को गिरफ्तार नहीं करने के लिए 12 हजार रुपये की मांग की थी। बिदुपुर थाना कांड संख्या 50/20 दिनांक 14 फरवरी 2020 में धारा 384/385 भादवि एवं 13 (ए) (डी)/ 15 भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत शिकायतकर्ता के आवेदन के आलोक में पुलिस अफसर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत की मांग का ऑडियो क्लिप भी प्रस्तुत किया था। इसके सीडी को पुलिस ने साक्ष्य के रूप में जब्त किया है। एसपी ने बताया कि इस कांड में सहायक अवर निरीक्षक जय कुमार सिंह को निलंबित करते हुए गिरफ्तार कर मुजफ्फरपुर जेल भेज दिया गया है।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार बिदुपुर थाना कांड संख्या 482/2019 में मधुरापुर निवासी राज कुमार ने पुत्री के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। कांड के अनुसंधानकर्ता सहायक अवर निरीक्षक जय कुमार सिंह थे। बालिका के बरामदगी के बाद आरोपित से गिरफ्तार नहीं करने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी। जिसमें कुछ राशि रिश्वत के रूप में मिल भी गई थी और शेष राशि के लिए आरोपित पर दवाब बना रहे थे। रिश्वत को लेकर दोनों एवं बिचौलिए के बीच झड़प भी होने की सूचना है। बातचीत का ऑडियो क्लिप बना लिया और पुलिस मुख्यालय में भेज दिया। एसपी ने अपने स्तर से प्रारंभिक जांच कराई। जांच के उपरांत प्रथम दृष्टया आरोप के सत्य पाए जाने पर सहायक अवर निरीक्षक की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेज दिया गया। सहायक अवर निरीक्षक की गिरफ्तारी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।