अमृत पासवान बने वैशाली प्रखंड के उपप्रमुख
वैशाली प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन में सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रखंड उपप्रमुख का चुनाव कराया गया। चुनाव में जतकौली पंचायत के पंचायत समिति सदस्य अमृत पासवान विजयी रहे। उन्होंने मझौली पंचायत की पंचायत समिति सदस्या नीलम देवी को उपप्रमुख के चुनाव में पराजित कर दिया।
वैशाली। वैशाली प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन में सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रखंड उपप्रमुख का चुनाव कराया गया। चुनाव में जतकौली पंचायत के पंचायत समिति सदस्य अमृत पासवान विजयी रहे। उन्होंने मझौली पंचायत की पंचायत समिति सदस्या नीलम देवी को उपप्रमुख के चुनाव में पराजित कर दिया।
सुरक्षा के कडे़ इंतजाम के बीच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत उपप्रमुख का चुनाव कराया गया। भारत बंद के कारण हाजीपुर-वैशाली रोड में जगह-जगह जाम के कारण सदर अनुमंडल पदाधिकारी सन्दीप शेखर प्रियदर्शी एवं डीसीएलआर मनोज कुमार निर्धारित समय से 45 मिनट देर से वैशाली पहुंचे। वैशाली प्रखंड के 23 में 21 पंचायत समिति सदस्यों ने चुनाव में भाग लिया। एक सदस्य द्वारा पहले ही त्याग पत्र दिया गया है। वहीं एक सदस्य अनुपस्थित रहे।
जतकौली पंचायत के पंचायत समिति सदस्य अमृत पासवान एवं मझौली पंचायत की पंचायत समिति सदस्या नीलम देवी ने उपप्रमुख पद के अपना-अपना नामांकन दाखिल किया गया। इसके बाद मतदान शुरू हुआ। मतदान में अमृत पासवान को 13 मत मिले जबकि नीलम देवी को आठ मत मिले। इस प्रकार अमृत पासवान ने उपप्रमुख पद का चुनाव जीत लिया। अनुमंडल पदाधिकारी ने उन्हें निर्वाचित घोषित किया। बाद में अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर बीडीओ अजय कुमार,, अंचलाधिकारी संदीप कुमार, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अंशुबाला, थानाध्यक्ष संजीत कुमार उपस्थित थे। प्रखंड परिसर में थी सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था
वैशाली प्रखंड उपप्रमुख के चुनाव को लेकर प्रखंड परिसर में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई थी। प्रखंड कार्यालय के दो सौ मीटर के रेडियस में धारा 144 लागू की गई थी और पांच से अधिक लोगों को एक साथ जमा होने पर रोक लगा दी गई थी। सुरक्षा को लेकर महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया था। थानाध्यक्ष खुद सुरक्षा की कमान संभाले हुए थे। भारत बंद को लेकर भी चौकसी बरती जा रही थी। शांतिपूर्ण चुनाव हो जाने से सभी ने राहत की सांस ली।