भगवानपुर में पुलिस ने लुटेरा गिरोह के चार सदस्यों को किया गिरफ्तार
हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच-22 पर भगवानपुर पुलिस ने गुप्त सूचना पर बैंक कर्मियों एवं दोपहिया वाहनों को लूटने वाले एक गिरोह के चार सदस्यों को पकड़ लिया।
संवाद सूत्र, भगवानपुर :
हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच-22 पर भगवानपुर पुलिस ने गुप्त सूचना पर बैंक कर्मियों एवं दोपहिया वाहनों को लूटने वाले एक गिरोह के चार सदस्यों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनके पास से हथियार बरामद किए हैं। पुलिस को देख कुछ अपराधी भाग निकलने में सफल रहे। अपराधी बंधन बैंक के कर्मियों को लूटने के लिए रेकी कर रहे थे। इसी दौरान भगवानपुर पुलिस को इसकी भनक लग गई और और अलग-अलग जगहों से चार अपराधी पकड़ लिए गए।
मिली जानकारी के अनुसार एनएच-22 पर वारिसपुर गांव के निकट कई ग्रुपों में बंटे एक दर्जन अपराधी लूट की योजना को अंजाम देने के फिराक में थे कि पुलिस को उनके बारे में गुप्त सूचना मिली। ऐन वक्त पर भगवानपुए थाने के एसआई जितेंद्र राम ने वहां छापा मार कर एक मोटरसाइकिल सहित दो अपराधियों को गिरफ्तार किया। उनदोनो की निशानदेही पर चौहरमल चौक सतपुरा के पास से दो अपराधियों को पकड़ा। उस ग्रुप के अन्य अपराधी भागने में सफल हो गए।
सूत्रों के अनुसार यह गैंग बंधन बैंक के कर्मियों को टारगेट करने के लिए रेकी कर रहा था। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक कट्टा तथा एक गोली बरामद हुई है। गिरफ्तार अपराधियों में गोरौल थाना के मझिया गाव निवासी राजेश राम का पुत्र 19 वर्षीय पंकज कुमार, भोला प्रसाद सिंह का पुत्र 24 वर्षीय सोनू कुमार, सराय थाना के माधोपुर राम निवासी कमलदेव साह का पुत्र 18 वर्षीय रज सूरज, सराय थाना के दामोदरपुर निवासी हीरा पासवान का पुत्र 18 वर्षीय छोटू शामिल है। सूरज के पास से लोडेड कट्टा बरामद किया है। भगवानपुर एसआई जितेंद्र राम ने बताया कि ये सभी कई लूटकांडों में शामिल रहे हैं। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। पूछताछ में लूट की कई घटनाओं के संबंध में खुलासा होने की उम्मीद है।