हाजीपुर: महुआ-समस्तीपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक और टेंपो की टक्कर में 2 की मौत; 5 घायल
हाजीपुर में महुआ-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक और सीएनजी टेंपो की टक्कर हो गई, जिसमें ...और पढ़ें

ट्रक और टेंपो की टक्कर में 2 की मौत
HighLights
महुआ-समस्तीपुर मार्ग पर ट्रक-टेंपो की भीषण टक्कर।
हादसे में दो लोगों की मौत, पांच घायल हुए।
पुलिस ने ट्रक जब्त कर जांच शुरू की है।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। महुआ-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात करीब 1 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तीसीऔता थाना क्षेत्र में ट्रक और सीएनजी टेंपो की जोरदार टक्कर में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार सभी लोग हरियाणा से मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे। मृतकों में तीसीऔता थाना क्षेत्र के डभइत गांव निवासी अमरजीत मांझी (25), पिता सुकेशर मांझी शामिल हैं। बताया गया कि अमरजीत पांच भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में तीन साल की बेटी है, जबकि महज 15 दिन पहले ही उनके घर बेटे ने जन्म लिया था। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सीएनजी टेंपो में कुल 7 लोग सवार
सीएनजी टेंपो में कुल 7 लोग सवार थे। घायलों में शंभू मांझी (50), पिता लखनदेव मांझी, सुकुल मांझी (50), पिता दशरथ मांझी और नीतीश कुमार (19), पिता रामजी सहनी, बांदे बिशनपुर, थाना पटोरी, जिला समस्तीपुर शामिल हैं। टेंपो चालक लक्ष्मण राय (40) भी घायल बताए गए हैं, जो यात्रियों को लेकर हाजीपुर से लौट रहे थे।
स्टेपनी बदलते ट्रक के पास हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे एक ट्रक का पिछला पहिया बदला जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे सीएनजी टेंपो ने ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी सामने से आ रहे दूसरे ट्रक ने टेंपो को चपेट में ले लिया और फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है।
सूचना मिलते ही तीसीऔता थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को सदर अस्पताल भेजा और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके पर खड़े ट्रक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। सदर अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। उसके बाद स्वजन शव लेकर गांव चले गए। सड़क हादसे में मौत के बाद मृतक के गांव में कोहराम मच गया। स्वजन का रोते-रोते बुरा हाल है।
