सुपौल में SH-91 पर फिल्मी अंदाज में दिनदहाड़े युवक का अपहरण, बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
सुपौल के भीमपुर थाना क्षेत्र में एसएच-91 पर दिनदहाड़े एक युवक जिशान खान का फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया गया।

जांच में जुटी पुलिस। (जागरण)
HighLights
सुपौल में एसएच-91 पर दिनदहाड़े युवक जिशान खान का अपहरण।
बदमाशों ने बाइक को टक्कर मारी, विरोध पर हवाई फायरिंग की।
एसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया, विशेष टीम गठित की।
संवाद सूत्र, छातापुर (सुपौल)। एसएच-91 पर दिनदहाड़े बाइक सवार युवक को बदमाश कार से उठा ले गए। बदमाशों ने इस दौरान बाइक को टक्कर मार कर गिरा दिया, ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर भागने के दौरान अपराधियों ने चार चक्र गोलियां भी चलाई।
घटना भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज के समीप एसएच 91 पर सोमवार की सुबह लगभग 11 बजे घटी। एसपी शरथ आरएस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है।
सोमवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में एक युवक का अपहरण कर लिया। वारदात के दौरान अपराधियों ने पहले बाइक में टक्कर मारकर उस पर सवार दोनों युवकों को सड़क पर गिरा दिया।
इसके बाद हथियार लहराते हुए एक युवक को जबरन कार में बैठा लिया। स्थानीय लोगों ने विरोध किया तो अपराधियों ने करीब चार राउंड हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी और भागवतपुर की ओर फरार हो गए।
अपहृत युवक की पहचान माधोपुर पंचायत के वार्ड 13 निवासी खुर्शीद खान के 20 वर्षीय पुत्र जिशान खान के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही भीमपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से खोखा बरामद किया है। वहीं जिशान की बाइक को भी कब्जे में लेकर छानबीन की जा रही है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी एवं बाइक चालक प्यारे खान ने पुलिस को बताया कि वह जिशान खान के साथ बाइक से जीवछपुर बाजार गया था। वहां से दोनों वापस घर लौट रहे थे।
लाल रंग की कार ने मारी टक्कर
बेलागंज के समीप पीछे से आई लाल रंग की कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान कार से नकाबपोश हथियारबंद बदमाश उतरे और जिशान को जबरन अपने साथ ले जाने लगे।
प्यारे खान के अनुसार, आसपास के लोगों ने बदमाशों को रोकने और जिशान को बचाने का प्रयास किया। इस पर अपराधियों ने हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। चार राउंड हवाई फायरिंग करते हुए बदमाश जिशान को कार में बैठाकर भागवतपुर की दिशा में फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी शरथ आरएस घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उनके साथ त्रिवेणीगंज एसडीपीओ दिलीप कुमार सहित आसपास के थानों की पुलिस मौजूद रही।
एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घटना के बाद बेलागंज एवं आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई तथा आने-जाने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने अपराधियों की पहचान और अपहृत युवक की बरामदगी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। आसपास के मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।
घटना के पीछे के कारणों को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय स्तर पर घटना का संबंध शराब तस्करी से जुड़े विवाद से होने की बात भी कही जा रही है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस अपहरण के कारण, अपराधियों की पहचान और घटना में शामिल लोगों की भूमिका समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
एसपी ने बताया कि सूचना मिली है कि भीमपुर थाना क्षेत्र में कुछ अपराधियों द्वारा एक व्यक्ति को चार पहिया वाहन में बैठाकर ले जाया गया है। फायरिंग किए जाने की भी सूचना प्राप्त हुई है।
त्रिवेणीगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। एसएच-91 जैसे व्यस्त मार्ग पर दिनदहाड़े हुई इस घटना से आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है। पुलिस के सामने फिलहाल अपहृत की सकुशल बरामदगी के साथ घटना में शामिल अपराधियों तक पहुंचने की चुनौती है।
