विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ड्राइवर का हाथ-पैर बांधकर जंगल में फेंका, जमुई के बटिया घाटी में स्कॉर्पियो ले उड़े लुटेरे

Published: Sun, 27 Sep 2026 07:40 PM (IST)

चकाई-जमुई मुख्य मार्ग पर बटिया घाटी में रविवार सुबह अपराधियों ने एक स्कॉर्पियो चालक को बंधक बनाकर गाड़ी लूट ली।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. बटिया घाटी में रविवार सुबह स्कॉर्पियो की लूट।

  2. चालक को बंधक बनाकर रस्सी से बांधकर फेंका गया।

  3. पुलिस को अहम सुराग मिले, आरोपियों की पहचान हुई।

संवाद सूत्र, चंद्रमडी (जमुई)। प्रखंड में वाहन लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ताजा मामला रविवार सुबह करीब पांच बजे का है। चकाई-जमुई मुख्य मार्ग पर बटिया घाटी में अपराधियों ने चालक को बंधक बनाकर स्कॉर्पियो लूट ली।

बताया जाता है कि जसीडीह मोड़ पर चार युवकों ने सोनो जाने की बात कहकर एक स्कॉर्पियो बुक किया। स्कॉर्पियो मालिक सह चालक जसीडीह थाना क्षेत्र के संथाली निवासी राजा अंसारी सुबह करीब पांच बजे चकाई होते हुए बटिया जंगल के रास्ते सोनो जा रहा था।

इस दौरान चारों युवकों ने ड्राइवर को तेल भरने के लिए 1500 रुपये भी दिए, तभी गाड़ी में बैठे चारों लोगों ने उसे कब्जे में ले लिया और बटिया जंगल पहुंचते ही हाथ-पैर रस्सी से बांधकर घाटी में नीचे उतार दिया और स्कॉर्पियो और मोबाइल लेकर जमुई की ओर फरार हो गए।

चालक के भाई मु. नौशाद ने बताया कि उसका भाई स्कॉर्पियो भाड़े पर चलाता है। रविवार की सुबह चार-पांच युवक जसीडीह मोड़ पहुंचे और सोनो जाने के नाम पर साथ ले गए और लूट की।

घटना के बाद चालक ने किसी अन्य के मोबाइल से चंद्रमंडी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर चालक के साथ संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की।

पुलिस को मिले सुराग

सूत्रों कि मानें तो पुलिस को मामले में कई अहम सुराग मिले हैं। हालांकि, पुलिस फिलहाल कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने आरोपितों को चिह्नित कर लिया है। देर शाम तक वाहन बरामद कर लिए जाने की सूचना है।

मामले की लिखित शिकायत मिली है। केस दर्ज कर मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है। जल्द मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। इस बाबत थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार ने कहा कि मामले की लिखित शिकायत मिली है। केस दर्ज कर मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है। जल्द मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पूर्व एक माह के अंदर चकाई-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर लुटेरों ने एक ट्रक और एक पिकअप लूटा था। इस मामले में चकाई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर चावल लदा ट्रक बरामद कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया था, जबकि लूटी गई पिकअप का अब तक पता नहीं चला है।

यह भी पढ़ें- हेरोइन और गांजे की बड़ी खेप के साथ मास्टरमाइंड समेत 6 तस्कर गिरफ्तार, भोजपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी