यज्ञ में भाग लेने से लोगों को मिलती है शांति : विष्णु दास
सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड के माकर-गढि़या गांव में 6 दिसंबर से आयोजित राम चरित मानस
सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड के माकर-गढि़या गांव में 6 दिसंबर से आयोजित राम चरित मानस नवाह यज्ञ में प्रवचन देते आचार्य विष्णु दास ने कहा कि यज्ञ में भाग लेने से लोगों को शांति मिलती है। इससे कई तरह के पापों का विनाश होता है। आचार्य ने कहा कि जहां कहीं यज्ञ का आयोजन होता है आसपास के लोगों में काफी उत्साह होता है और यज्ञ स्थल पर आने वाले लोगों में भक्ति का संचार होता है। उन्होंने कहा कि यज्ञ का आयोजन भी ईश्वर की कृपा से ही होता है। उन्होंने यज्ञ स्थल पर प्रवचन सुनने आने वाले लोगों के प्रति साधुवाद करते कहा कि जो लोग इस तरह के बड़े आयोजन में शरीक होते हैं वह पुण्य के भागी होते। आचार्य ने देश के जगह-जगह के यज्ञों का उदाहरण देते कहा कि यज्ञ में हमेशा लोगों को लाभ ही मिला है। उन्होंने गांव के युवाओं को इस तरह के आयोजन के लिए सराहना की तथा कहा कि आज जिस तरह का माहौल पूरे गांव में दिखाई दे रहा है यह गर्व की बात है। उन्होंने लोगों से कहा कि वे सभी प्रतिदिन ईश्वर की भक्ति करें ताकि ईश्वर को समझने का मौका मिल सके। कहा कि मनुष्य का तन बार-बार नहीं मिलता, इसलिए इसको व्यर्थ नहीं जाने देना चाहिए। यज्ञ स्थल पर प्रमुख विजय कुमार यादव सहित अन्य ने हवन में भाग लिया तथा लोगों को शांतिपूर्ण माहौल में यज्ञ संपन्न कराने का अनुरोध किया। इस नवाह यज्ञ को सफल बनाने में पूरे गांव के लोग एकजुटता से प्रयास में लगे हैं।