सुपौल में रात के अंधेरे में चोरों ने काटे 11,000 वोल्ट की लाइन के 50 पोल के तार, आंधी-तूफान का उठाया फायदा
चोरों ने सुपौल के अमहा पंचायत में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के लगभग 50 पोल के तार ...और पढ़ें

चोरों ने काटे 50 पोल के तार
HighLights
सुपौल में 11 हजार वोल्ट के 50 पोल के तार चोरी।
चोरी से अमहा पंचायत की सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह ठप।
किसानों को धान रोपनी और लागत बढ़ने की चिंता।
संवाद सूत्र, लौकहा बाजार (सुपौल)। सदर प्रखंड के अमहा पंचायत में तिलाबे नदी के समीप बहियार में किसानों की सिंचाई के लिए बिछाई गई 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 50 पोल की तार काट ली है।
इस घटना से इलाके में सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और आने वाले धान रोपनी सीजन को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है।
आंधी-तूफान के कारण बिजली प्रभावित
ग्रामीणों के अनुसार पिछले दिनों आई आंधी-तूफान के कारण पहले ही बिजली लाइन बाधित हो गई थी। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने रात के समय बड़ी मात्रा में तार चोरी कर ली। अमहा बहियार में अब कई किलोमीटर क्षेत्र में केवल पोल खड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि बीच-बीच में तार पूरी तरह गायब है।
यह लाइन सैकड़ों एकड़ खेतों की सिंचाई का मुख्य साधन थी। इसके बंद होने से किसानों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। किसानों का कहना है कि यदि समय पर सिंचाई की व्यवस्था नहीं हुई तो धान की रोपनी प्रभावित होगी और इसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ेगा।
डीजल पंप से सिंचाई करने से बढ़ रही लागत
किसान लोकेश कुमार ने कहा कि धान रोपनी का समय नजदीक है और बिचड़ा तैयार हो चुका है, लेकिन पानी की व्यवस्था नहीं होने से खेती संकट में पड़ गई है। उन्होंने बताया कि डीजल पंप से सिंचाई करने पर लागत काफी बढ़ जाएगी, जिससे छोटे किसान सबसे अधिक प्रभावित होंगे।
वहीं किसान पांडव यादव ने कहा कि यदि जल्द तार नहीं लगाई गई तो रोपनी देर से होगी और इसका असर फसल की पैदावार पर पड़ेगा। उन्होंने विभाग से शीघ्र मरम्मत की मांग की है।
अधिकारियों को मामले से अवगत कराया
इस संबंध में विद्युत विभाग के कनीय अभियंता (ग्रामीण) अजय कुमार ने बताया कि आंधी के बाद चोरी की सूचना मिली है। वरीय अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और सामग्री उपलब्ध होते ही युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा।
ग्रामीणों ने मांग की है कि धान रोपनी से पहले लाइन को दुरुस्त कर सिंचाई बहाल की जाए तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए नियमित गश्ती की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।