माता के दर्शन को ले मंदिर में उमड़ रही भीड़
छातापुर प्रखंड क्षेत्र के बलुआ बाजार में स्थित दुर्गा मंदिर श्रद्धालुओं के लिए असीम आस्था का प्रतीक है। इस मंदिर परिसर में अनुमानित 250 वर्षों से माता की पूजा-अर्चना हो रही है। माता की पूजा-अर्चना की शुरुआत कब और किसने की इसकी कोई ठोस जानकारी नहीं है। फिर भी भक्तों के आस्था का जनसैलाब यहां प्रत्येक दुर्गा पूजा में उमड़ता है।
सुपौल: नवरात्रा के मौके पर सदर प्रखंड के कई मंदिरों में माता के दर्शन को ले भीड़ उमड़ पड़ी है। सदर प्रखंड के हरदी दुर्गा स्थान, लौकहा स्थित मेला ग्राउंड में दुर्गा मंदिर, अमहा स्थित दुर्गा मंदिर, बरूआरी स्थित दुर्गा मंदिर, बरैल स्थित दुर्गा मंदिर, जिला मुख्यालय स्थित गांधी मैदान, माल गोदाम, बड़ी दुर्गा स्थान में श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना को ले भीड़ देखी जा रही है। खासकर महिलाओं की अच्छी खासी भीड़ रहती है। सार्वजनिक पूजा स्थल हरदी दुर्गा स्थान में पूजा को ले आकर्षक पंडाल का निर्माण कर आयोजन समिति द्वारा अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं कई जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। कलश स्थापना के दिन से ही दुर्गा मंदिर में सायंकाल आरती के समय भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो जाती है। वहीं संध्या आरती में भी श्रद्धालुओं की काफी भीड़ जुटनी शुरू हो जाती है। पूजा को ले पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद दिख रहा है।