विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुपौल के राजेश्वरी मंदिर में बड़ी चोरी, चार किलो चांदी और सवा किलो सोना गायब, श्रद्धालुओं का आया गुस्‍सा

Published: Thu, 12 Mar 2026 04:10 PM (IST)

सुपौल के राजेश्वरी भगवती मंदिर में बुधवार रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर का ताला ...और पढ़ें

सुपौल के मां राजेश्वरी मंदिर का ताला काटकर लाखों रुपये के सोना-चांदी ले उड़े चोर

सुपौल के मां राजेश्वरी मंदिर का ताला काटकर लाखों रुपये के सोना-चांदी ले उड़े चोर

HighLights

  1. राजेश्वरी मंदिर से चार किलो चांदी, सवा किलो सोना चोरी।

  2. मंदिर में यह तीसरी चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।

  3. पुलिस ने जांच शुरू की, जल्द खुलासे का आश्वासन दिया।

संवाद सूत्र, जदिया (सुपौल)। राजेश्वरी थाना क्षेत्र के तमुवा स्थित प्रसिद्ध मां राजेश्वरी भगवती मंदिर में बुधवार की देर रात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। चोरों ने मंदिर के ग्रील और मुख्य दरवाजे का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया और चढ़ावे में रखे करीब चार किलो चांदी तथा लगभग सवा किलो सोना अपने साथ ले गए।

घटना की जानकारी सुबह हुई

मंदिर खुलने के बाद गुरुवार की सुबह घटना का पता चला। इससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश और मायूसी का माहौल बन गया। मंदिर के पुजारी रिंकू झा ने बताया कि चोरों ने मां की पिंडी पर लगी सोने-चांदी की झांप, कपड़ों पर लगी टिकली और अन्य चढ़ावे के आभूषण भी अपने साथ ले लिए।

मंदिर के अंदर बिखरे सामान और टूटे ताले देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरी सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई। स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब मंदिर को निशाना बनाया गया। इससे पहले भी दो बार चोरी की घटना हो चुकी है।

लगातार हो रही घटनाओं से बढ़ा आक्रोश

ग्रामीणों का कहना है कि लगभग हर चार-पांच वर्ष के अंतराल पर मंदिर में चोरी की वारदात सामने आती रही है। इस कारण लोगों में नाराजगी और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। स्थानीय श्रद्धालु धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और ठोस सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही राजेश्वरी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। त्रिवेणीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भी वहां पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर संभावित सुराग जुटाने में लगी हुई है। पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने स्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और आश्वासन दिया कि जल्द ही चोरी का उद्भेदन कर लिया जाएगा।

श्रद्धालुओं की चिंता

मंदिर में हुई चोरी ने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश और चिंता पैदा कर दी है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और चोरों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।