विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब सिलिंडर बुकिंग और डिलीवरी का झंझट होगा खत्म, सुपौल में तीन महीने के भीतर पाइपलाइन से गैस आपूर्ति का लक्ष्य

Published: Fri, 30 Oct 2026 07:19 AM (IST)

Supaul PNG Gas Pipeline Project: सुपौल नगर परिषद क्षेत्र में पाइपलाइन के माध्यम से पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) आपूर्ति परियोजना ...और पढ़ें

सुपौल में पीएनजी पाइपलाइन परियोजना का शुभारंभ करते जिलाधिकारी सावन कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष व बीपीसीएल के अधिकारी

 सुपौल में पीएनजी पाइपलाइन परियोजना का शुभारंभ करते जिलाधिकारी सावन कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष व बीपीसीएल के अधिकारी

HighLights

  1. सुपौल में पाइपलाइन से पीएनजी गैस आपूर्ति परियोजना का विधिवत शुभारंभ।

  2. उपभोक्ताओं को रसोई गैस खर्च में 20 प्रतिशत तक की बचत होगी।

  3. शुरुआती चरण में 500 परिवारों को मिलेगा पीएनजी कनेक्शन, तीन माह में आपूर्ति।

संवाददाता, सुपौल। Supaul PNG Gas Pipeline Project: सुपौल नगर परिषद क्षेत्र के निवासियों के लिए एक बेहद राहत भरी और आधुनिक नागरिक सुविधा की शुरुआत हुई है। अब शहरवासियों को भारी-भरकम एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग, रिफिलिंग के इंतजार और घटतौली की चिंता से जल्द ही स्थाई मुक्ति मिलने जा रही है।

गुरुवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने नगर परिषद क्षेत्र में पाइपलाइन के माध्यम से पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) आपूर्ति परियोजना का नारियल फोड़कर विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष राघवेंद्र झा 'राघव', जिले के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, जिसके बाद जिलाधिकारी ने पीएनजी कनेक्शन के लिए उपभोक्ता पंजीकरण प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत की।

रसोई के खर्च में होगी 20 प्रतिशत तक की बचत

परियोजना का उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि जिले में पीएनजी सेवा बहाल होने से शहरी क्षेत्र के निवासियों को एक सुरक्षित, निर्बाध और पर्यावरण अनुकूल ईंधन विकल्प मिलेगा।

सबसे खास बात यह है कि पारंपरिक एलपीजी सिलिंडर के मुकाबले पीएनजी का इस्तेमाल करने से उपभोक्ताओं को रसोई गैस के खर्च में लगभग 20 प्रतिशत तक की सीधी बचत होने की उम्मीद है।

पहले चरण में 500 परिवारों को मिलेगा कनेक्शन

कार्यक्रम के दौरान भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के प्रतिनिधियों ने बताया कि पूरी परियोजना पर तीव्र गति से काम चल रहा है। आगामी तीन महीनों के भीतर पीएनजी की प्रत्यक्ष आपूर्ति शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

शुरुआती चरण में नगर परिषद क्षेत्र के लगभग 500 परिवारों को पीएनजी कनेक्शन देकर योजना से जोड़ा जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पाइपलाइन का नेटवर्क विस्तार करते हुए पूरे नगर परिषद क्षेत्र के हर घर तक गैस आपूर्ति पहुंचाई जाएगी।

कार्यक्रम में ये वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

शुभारंभ समारोह के दौरान विशेष कार्य पदाधिकारी सह वरीय उपसमाहर्ता विकास कुमार कर्ण, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजीव कुमार, बिहार राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक रामबाबू तथा बीपीसीएल के पूर्वी क्षेत्र (गैस) के प्रमुख परमित कुमार घोष, उप महाप्रबंधक (विपणन) बिधान चंद्र सिकदर, क्षेत्रीय प्रबंधक निलेश नगवाडे, क्षेत्रीय समन्वयक लक्ष्मीशा एएल और विपणन पदाधिकारी (गैस) संजीत कुमार वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- सुपौल के किसानों की बल्ले-बल्ले, धनिया-मेथी प्याज और टमाटर की खेती पर मिलेगा अनुदान, क्लस्टर मॉडल से बढ़ेगी आय

यह भी पढ़ें- सुपौल सदर अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट पर लटका ताला, मरीजों तक पाइपलाइन से सीधी सप्लाई बंद