सुपौल में NH-27 पर बस और ट्रक की जोरदार टक्कर, 24 से अधिक यात्री घायल; 8 की हालत गंभीर
सुपौल के निर्मली प्रखंड में NH-27 पर एक बस और तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर हो गई। गुरुवार सुबह हुई इस दुर्घटना में 24 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें से 8 की हालत गंभीर है और उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। बस पटना से उदाकिशुनगंज जा रही थी। ओवरटेक के दौरान ट्रक ने बस को टक्कर मारी, जिससे बस पलट गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बस और ट्रक की जोरदार टक्कर
HighLights
NH-27 पर बस-ट्रक की भीषण टक्कर हुई।
24 से अधिक यात्री घायल, 8 की हालत गंभीर।
तेज रफ्तार और लापरवाही दुर्घटना का कारण।
संवाद सहयोगी, निर्मली (सुपौल)। प्रखंड क्षेत्र की हरियाही पंचायत स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 27 के हर्ष पेट्रोल पंप के निकट गुरुवार की अल सुबह बस दुर्घटना में 24 से अधिक यात्री घायल हो गए है। इसमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। यात्रियों से भरी बस को ओवरटेक करने के दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के किनारे पलट गई। बस पटना से उदाकिशुनगंज की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में करीब 40 से ज्यादा लोग सवार थे और लगभग सभी को किसी न किसी प्रकार की चोट आई है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला।
16 घायलों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज जारी
घायलों में मधेपुरा जिले के सोनबरसा निवासी अनिल राम (44), सुजीत कुमार (21), सुदीक्षण कुमार (49), आलमनगर के मो. उस्ताद (65), उदाकिशुनगंज के साहिल कुमार (18), रंजीत कुमार (48), नूतन देवी (40) तथा अंकित कुमार (25) आदि शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त पटना के दानापुर निवासी 30 वर्षीय करण कुमार, 48 वर्षीय सुभद्रा देवी, जमुई के ट्रक चालक 40 वर्षीय जितेंद्र कुमार, सुपौल जिले के बसंतपुर निवासी 35 वर्षीय मो. शहंशाह, मधेपुरा के ग्वालपाड़ा निवासी 26 वर्षीय पांडव कुमार और शंकरपुर निवासी 22 वर्षीय अनिल मंडल भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं।
सभी घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन की देखरेख में चिकित्सकों की टीम ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। कुल 16 घायलों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है, जबकि 8 लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र भेज दिया गया।
मरीजों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें
ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक आलोक राज ने बताया कि कुछ मरीजों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, इसलिए उन्हें हायर सेंटर रेफर करना पड़ा। घायलों के अनुसार बस अपनी दिशा में आगे बढ़ रही थी, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बस चालक संतुलन नहीं बना सका और बस सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में बस और ट्रक दोनों को काफी नुकसान पहुंचा है। ट्रक चालक वाहन के केबिन में फंस गया था, जिसे काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज गति और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।