भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, आम के बगीचे में छिपाकर रखा 510 किलो गांजा बरामद
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने भारत-नेपाल सीमा पर वीरपुर के पास एक आम के बगीचे से 510 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

510 किलो गांजा बरामद
HighLights
एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर गांजा पकड़ा।
वीरपुर के आम के बगीचे से 510 किलो बरामद।
मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
संवाद सहयोगी, वीरपुर (सुपौल)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 45 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), वीरपुर के जवानों ने 510 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
गांजा सीमा चौकी फतेहपुर क्षेत्र में भारतीय सीमा के अंदर एक आम के बगीचे में छिपाकर रखा गया था। हालांकि, तलाशी के दौरान मौके से कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला।
बगीचे में संदिग्ध सामान छिपाकर रखा गया
एसएसबी से मिली जानकारी के अनुसार सूचना मिली कि सीमा स्तंभ संख्या 204 से करीब 700 मीटर भारतीय क्षेत्र में स्थित फतेहपुर गांव के पास एक बगीचे में संदिग्ध सामान छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही 45वीं वाहिनी की सीमा चौकी फतेहपुर से जवानों को संबंधित क्षेत्र में भेजा गया।
जवानों ने बताए गए स्थान पर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आम के बगीचे में छिपाकर रखे गए गांजे के 13 बंडल बरामद हुए। बरामद गांजे का कुल वजन लगभग 510 किलोग्राम पाया गया। इसके बाद आसपास के इलाके में भी तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला।
कार्रवाई के लिए वीरपुर थाना पुलिस को सौंप दिया
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद गांजे को आगे की कार्रवाई के लिए वीरपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया। इस अभियान में 45 वीं वाहिनी एसएसबी के सहायक उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह सहित तीन अन्य जवान शामिल थे।
इस संबंध में कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश शर्मा ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एसएसबी की ओर से आगे भी सतर्कता के साथ कार्रवाई जारी रहेगी।
