भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, कोसी नदी में तैरते ट्यूब से 400 KG सहित 401 किलोग्राम गांजा बरामद
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने भारत-नेपाल सीमा पर दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 401 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इनमें ...और पढ़ें

सुपौल में SSB की बड़ी कार्रवाई
HighLights
एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर 401 किलोग्राम गांजा पकड़ा।
दो अलग-अलग कार्रवाइयों में एक तस्कर भी गिरफ्तार हुआ।
कोसी नदी से ट्यूब के सहारे 400 किलो गांजा बरामद।
संवाद सहयोगी, वीरपुर (सुपौल)। सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए 45 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) वीरपुर की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाइयों में करीब 401 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थानों को सौंप दिया
बरामद गांजा एवं गिरफ्तार व्यक्ति को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थानों को सौंप दिया गया। पहली कार्रवाई सोमवार की संध्या को सीमा चौकी कुनौली क्षेत्र में की गई। नियमित ओपी ड्यूटी के दौरान नेपाल से साइकिल से भारत की ओर आ रहे एक व्यक्ति को जवानों ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में उसने अपना नाम श्यामनारायण, निवासी बगहेवा, जिला मधुबनी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब एक किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गांजा, साइकिल एवं गिरफ्तार व्यक्ति को अग्रिम कार्रवाई के लिए कुनौली थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
ट्यूब के सहारे कुछ संदिग्ध सामान बहकर आता दिखाई दिया
दूसरी कार्रवाई मंगलवार को सीमा चौकी नरपतपट्टी क्षेत्र में की गई। सुबह करीब 6:25 बजे स्पर संख्या 1827 एवं सीमा स्तंभ संख्या 219/31 के पास भारत की ओर कोसी नदी की धारा में ट्यूब के सहारे कुछ संदिग्ध सामान बहकर आता दिखाई दिया। सूचना मिलते ही स्पेशल पेट्रोलिंग पार्टी मौके पर पहुंची और रस्सी की मदद से सामान को सुरक्षित नदी किनारे लाकर कब्जे में लिया।
जांच के दौरान सामान 12 पैकेटों में पैक करीब 400 किलोग्राम संदिग्ध गांजा पाया गया। बरामदगी की सूचना रतनपुरा थाना पुलिस को दी गई। आवश्यक जब्ती एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद गांजा को अग्रिम कार्रवाई के लिए थाना पुलिस को सौंप दिया गया। कार्रवाई के दौरान सहायक उप निरीक्षक सतपाल, सहायक उप निरीक्षक योगेंद्र सहित अन्य एसएसबी जवान मौजूद थे।
एसएसबी कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों एवं मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए जवान पूरी सतर्कता एवं तत्परता के साथ अभियान चला रहे हैं। सीमा सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
