विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत-नेपाल बॉर्डर पर नो टॉलरेंस; SSB और APF ने म‍िलाया हाथ, कोसी के जलप्रलय के बीच हाई अलर्ट

Published: Sat, 26 Sep 2026 06:15 AM (IST)

Indo Nepal Border : भारत-नेपाल सीमा पर भीमनगर चेकपोस्ट पर एसएसबी और एपीएफ के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें ...और पढ़ें

Indo Nepal Border : समन्वय बैठक करते भारत की SSB और एपीएफ नेपाल के अधिकारी

Indo Nepal Border : समन्वय बैठक करते भारत की SSB और एपीएफ नेपाल के अधिकारी

HighLights

  1. एसएसबी और एपीएफ ने भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा पर महत्वपूर्ण बैठक की।

  2. अवैध गतिविधियों, मादक पदार्थ तस्करी रोकने पर ठोस रणनीति बनी।

  3. कोसी बाढ़ के बीच आपदा प्रबंधन, राहत कार्यों पर चर्चा हुई।

संवाद सहयोगी, वीरपुर (सुपौल)। Indo Nepal Border : भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, अवैध गतिविधियों की रोकथाम और दोनों मित्र राष्ट्रों के सुरक्षा बलों के बीच आपसी समन्वय को नई धार देने के उद्देश्य से शुक्रवार को भीमनगर चेकपोस्ट पर एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में सीमा की निगहबानी में जुटी 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) नेपाल के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। दोनों पक्षों ने सीमावर्ती क्षेत्रों की वर्तमान सुरक्षा स्थिति, खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान और नियमित संयुक्त गश्ती को लेकर ठोस रणनीति तैयार की।

बैठक के दौरान खुली सीमा का फायदा उठाकर सक्रिय होने वाले मादक पदार्थ (नशीली दवाओं) के तस्करों, मानव तस्करी (ह्यूमन ट्रैफिकिंग) सिंडिकेट और राष्ट्रविरोधी तत्वों के अवैध आवागमन पर नकेल कसने के लिए विशेष कार्ययोजना पर चर्चा की गई। दोनों सुरक्षा एजेंसियों ने तय किया कि सीमा पर संदिग्ध व्यक्तियों, अवांछित गतिविधियों और आपराधिक नेटवर्कों की सूचना बिना किसी देरी के एक-दूसरे से साझा की जाएगी, ताकि तत्काल साझा दबिश देकर कार्रवाई की जा सके।

कोसी में जलप्रलय की आहट के बीच आपदा प्रबंधन और राहत पर भी मंथन

यह बैठक ऐसे संवेदनशील समय में हुई है जब नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण कोसी नदी उफान पर है और बराज से भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए बैठक में सीमा सुरक्षा के साथ-साथ प्राकृतिक आपदा, विशेषकर बाढ़ के दौरान सीमांत बस्तियों में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की भी व्यापक समीक्षा की गई। आपात स्थिति में दोनों देशों के सुरक्षा बल एक-दूसरे को मानवीय आधार पर त्वरित सहयोग और सुरक्षित निकास का मार्ग प्रशस्त करेंगे।

दोनों देशों के शीर्ष अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में भारतीय पक्ष की ओर से 45वीं वाहिनी एसएसबी के द्वितीय कमान अधिकारी सह कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश कुमार शर्मा, सहायक कमांडेंट राहुल कुमार, निरीक्षक राघव कुमार झा, उपनिरीक्षक विपिन कुमार झा सहित अन्य जवान उपस्थित थे। वहीं एपीएफ नेपाल की ओर से 04वीं वाहिनी के एसपी लावा के. सापकोटा, 06वीं वाहिनी के एसपी नवीन सिंह राय, हरिपुर के डीएसपी फुरजी शेरपा, बीओपी बरसाइन के इंस्पेक्टर बिंदुर कार्की तथा बीओपी टीलाडी के इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह चेसर मुख्य रूप से शामिल रहे।

नियमित बैठक पर सहमति

अत्यंत सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई इस बैठक के अंत में दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा पर अमन-चैन बनाए रखने, संयुक्त गश्त को नियमित करने और भविष्य में भी ऐसी समन्वय बैठकों का सिलसिला जारी रखने का संकल्प दोहराया।