विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोसी क्षेत्र के श्रद्धालुओं को सौगात: राघोपुर तक बढ़ी सरायगढ़-देवघर मेमू स्पेशल, 25 जुलाई से चलेगी ट्रेन

Published: Wed, 22 Jul 2026 05:45 PM (IST)

सरायगढ़-देवघर मेमू स्पेशल ट्रेन का राघोपुर तक विस्तार होने से स्थानीय व्यवसायियों, श्रद्धालुओं और आम यात्रियों में खुशी है। यह विस्तारित परिचालन 25 जुलाई 2026 से शुरू होगा।

AI Generated Image

AI Generated Image

HighLights

  1. सरायगढ़-देवघर मेमू ट्रेन का राघोपुर तक विस्तार हुआ।

  2. विस्तारित परिचालन 25 जुलाई 2026 से होगा शुरू।

  3. श्रद्धालुओं, छात्रों, व्यापारियों को मिलेगी बेहतर सुविधा।

संवाद सूत्र, राघोपुर (सुपौल)। पूर्व मध्य रेलवे द्वारा सरायगढ़-देवघर मेमू स्पेशल ट्रेन (05573/05574) का विस्तार राघोपुर तक किए जाने से स्थानीय व्यवसायियों, जनप्रतिनिधियों, श्रद्धालुओं, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों में खुशी की लहर है। लंबे समय से की जा रही मांग को रेलवे प्रशासन ने पूरा कर दिया है।

जानकारी अनुसार इस ट्रेन का राघोपुर तक विस्तारित परिचालन 25 जुलाई 2026 से शुरू होगा। समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा द्वारा राघोपुर स्टेशन के निरीक्षण के बाद इस दिशा में पहल तेज हुई थी।

वहीं स्थानीय सांसद दिलेश्वर कामत के स्तर से भी इस मांग को लेकर पहल की गई थी। इसके बाद रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन विस्तार का निर्णय लिया।

ट्रेन के राघोपुर तक विस्तार होने से जिले के राघोपुर, सरायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के हजारों श्रद्धालुओं को देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम जाने में काफी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को भी बेहतर रेल संपर्क का लाभ मिलेगा।

स्थानीय लोगों ने रेलवे मंत्रालय, पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन और समस्तीपुर मंडल के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि यह निर्णय क्षेत्र के विकास और यातायात सुविधा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में राघोपुर स्टेशन पर अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव और परिचालन भी शुरू किया जाएगा, जिससे कोसी क्षेत्र के यात्रियों को और अधिक सुविधाएं मिल सकें।

यह भी पढ़ें- पनकी धाम में काम के चलते गया होकर चलने वाली 22 ट्रेनों की थमेगी रफ्तार, रेलवे ने दिया अपडेट

यह भी पढ़ें- आनंद विहार-लौकहा स्पेशल को फिर विस्तार, झंझारपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर के रास्ते 16 अगस्त तक चलेगी