'10 हजार युवाओं को नौकरी; शिक्षकों को सातवां वेतनमान', प्रशांत किशोर का सुपौल में बड़ा एलान
प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने सुपौल में बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 के लिए बैठक की, जिसमें उन्होंने ...और पढ़ें

प्रशांत किशोर का सुपौल में बड़ा एलान: 10 हजार युवाओं को नौकरी, शिक्षकों को सातवां वेतनमान
HighLights
10 हजार युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी का वादा।
सभी प्राथमिक शिक्षकों को सातवें वेतनमान का लाभ मिलेगा।
चुनावी पारदर्शिता और शिक्षकों के गैर-शैक्षणिक कार्यों पर रोक।
जागरण संवाददाता, सुपौल। बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 के मद्देनजर जन सुराज पार्टी ने बुधवार को सुपौल के कोसी रोड स्थित ब्रह्मस्थान चौक के पास एक रिसोर्ट में बैठक और संवाद कार्यक्रम आयोजित किया।
पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने शिक्षकों, स्नातक मतदाताओं और प्रबुद्धजनों से रोजगार, वेतनमान, चुनावी पारदर्शिता और कोसी क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की। कार्यक्रम से पहले उन्हें मिठाई से तराजू पर तौला गया।
प्रशांत किशोर ने क्षेत्र के 10 हजार पढ़े-लिखे युवाओं को योग्यता के अनुसार, निजी क्षेत्र में नौकरी दिलाने का वादा किया। उन्होंने विद्यालय अध्यापक, विशिष्ट, नियोजित और वित्त रहित शिक्षकों सहित सभी श्रेणियों के प्राथमिक शिक्षकों को सातवें वेतनमान का लाभ दिलाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव से पहले ऐसा नहीं कर पाए तो वोट मांगने नहीं आएंगे। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाने पर रोक और वित्त रहित शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए भी पहल का आश्वासन दिया।
उन्होंने नीतीश कुमार के नाम पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाते हुए नीरज कुमार से सार्वजनिक बयान जारी करने की चुनौती दी। कहा कि नीतीश कुमार यदि वीडियो जारी कर नीरज कुमार का समर्थन करें तो वे अपने प्रत्याशी को वापस लेने को तैयार हैं।
मतदाता सूची से नाम हटने और चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पारदर्शी प्रक्रिया की जरूरत बताई। यादव समाज के बच्चों की मौत के मामले में कहा कि उन्हें पूरी जानकारी नहीं है और वे पटना लौटकर पीड़ित परिवारों से मिलने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने बेरोजगारी, युवाओं के भविष्य और कानून-व्यवस्था को प्रमुख मुद्दे बताते हुए मतदाताओं से जाति, धर्म और भय से ऊपर उठकर मतदान की अपील की। जन सुराज प्रत्याशी रजनीश को जिताने का आग्रह भी किया। कार्यक्रम को पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने संबोधित किया।
