कर्ज लेकर उगाई थी गोभी-मटर, अब झुंड के झुंड आकर रौंद रहे फसल; सुपौल के तीन गांवों में नीलगायों का खौफनाक आतंक
Supaul Nilgai Menace Crop Damage : सुपौल के ग्रामीण क्षेत्रों में नीलगायों का आतंक बढ़ गया है, जिससे तिलावे नदी ...और पढ़ें

Supaul Nilgai Menace Crop Damage : सुपौल में नीलगायों का बढ़ता आतंक।
HighLights
सुपौल में नीलगायों से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं।
रात में नीलगाय खेतों में घुसकर सब्जियों को नष्ट कर रहे।
किसान कर्ज में डूबे, प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।
संवाद सूत्र, लौकहा बाजार (सुपौल)। Supaul Nilgai Menace Crop Damage सुपौल सदर प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में नीलगायों का आतंक लगातार बढ़ने से किसान गहरे संकट में हैं। खासकर अमहा, इटहरी, झहुरा सहित तिलावे नदी के किनारे बसे गांवों में नीलगायों के झुंड खेतों में घुसकर फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इन दिनों मौसमी सब्जी की खेती करने वाले किसानों की परेशानी चरम पर है, क्योंकि नीलगायों के झुंड उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं।
दिन में रखवाली, पर रात होते ही खेतों में तबाही मचाते हैं झुंड
किसानों के अनुसार, दिन के समय तो किसी तरह खेतों की रखवाली कर फसलों को बचाने का प्रयास किया जाता है, लेकिन रात होते ही स्थिति पूरी तरह बेकाबू हो जाती है। तिलावे नदी के कछार और किनारे से झुंड के झुंड नीलगाय निकलकर आसपास के खेतों में धावा बोल देते हैं। वे खेतों में लगी गोभी, मटर, साग और अन्य हरी सब्जियों को खा जाते हैं। इतना ही नहीं, खाने के बाद बची हुई फसल को अपने पैरों से रौंदकर पूरी तरह नष्ट कर देते हैं, जिससे किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।
कर्ज लेकर जुटाई थी खाद-बीज की पूंजी, आर्थिक संकट की आशंका
पीड़ित किसानों का कहना है कि खेती के लिए उन्होंने कर्ज लेकर महंगे खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री की व्यवस्था की थी। काफी मेहनत और पूंजी लगाकर फसल तैयार की जा रही थी। अब जब फसल तैयार होकर बाजार में जाने का समय आया है, तो नीलगायों के झुंड सब कुछ बर्बाद कर रहे हैं। किसानों के लिए कड़ाके की ठंड और अंधेरे में रातभर खेतों की रखवाली करना संभव नहीं हो पा रहा है। लगातार हो रहे नुकसान से उनकी आजीविका और आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका गहरा गई है।
वन विभाग और जिला प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग
स्थानीय किसानों ने बताया कि यदि नीलगायों के आतंक पर जल्द काबू नहीं पाया गया, तो क्षेत्र में सब्जी की खेती करना नामुमकिन हो जाएगा और किसानों को भारी आर्थिक तबाही झेलनी पड़ेगी। पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों से इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने फसलों की सुरक्षा के लिए कारगर व्यवस्था सुनिश्चित करने और नुकसान से बचाव के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है।