नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने देखी किसानों की समस्या
संवाद सूत्र प्रतापगंज (सुपौल) बेमौसम बारिश में किसानों के धान की फसल की हुई क्षति की मिल र
संवाद सूत्र, प्रतापगंज (सुपौल) : बेमौसम बारिश में किसानों के धान की फसल की हुई क्षति की मिल रही शिकायत का जायजा लेने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर किसानों की समस्याओं को देखा। इस दौरान किसानों ने अपने खेतों पर ले जाकर अपने-अपने धान की हुई क्षति को दिखाया। फसल की क्षति देख जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कहीं किसानों के द्वारा काटे गए धान में अंकुरण आ गया है तो कहीं धान की खड़ी फसल में अंकुरण है, खेतों में गिरी फसल जो अब न तो खड़े हो पाएंगे न ही उसे काटने से कोई फायदा मिलने की संभावना है। बरसात ने अचानक से प्रखंड के किसानों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। अपनी लहलहाती धान की फसल को देखकर प्रखंड क्षेत्र के किसान काफी खुश थे। उन्हें उम्मीद थी कि अबकी बार धान की उपज बेहतर होगी। फसल भी अच्छी दिख रही थी। बाली को देखने से ही लगता था कि अन्य साल से बेहतर उसकी उपज आएगी। जिससे उसकी आमदनी में इजाफा होगा। लेकिन बेमौसम की बरसात ने इस कदर कहर ढ़ा दिया कि अधिकांश किसानों के खेतों में खड़ी धान की फसल जगह-जगह पानी लगे खेतों में यत्र-तत्र गिर चुकी। किसी किसान का आंशिक तो किसी किसान का ज्यादा नुकसान हुआ है। नुकसान का व्यापक असर मझले तबके के किसानों को परेशानी में डाल दिया है। खेतों में गिरी फसलों को देख उनकी चिता बढ़ गई है। एक तो इतनी महंगी खेती फिर तैयार होने के कगार पर पहुंच चुकी फसल की बर्बादी से किसानों के जीवन यापन की समस्या उत्पन्न हो गई है। जनप्रतिनिधियों की टीम ने छातापुर प्रखंड की मधुबनी पंचायत के वार्ड नंबर 2 में पहुंच मिरचईया नदी के पश्चिमी तटबंध का भी दौरा किया, जहां पासवान टोला व कामैत टोला के बीच तटबंध के टूटने से नदी का पानी मधुबनी पंचायत सहित प्रतापगंज प्रखंड के भवानीपुर दक्षिण, तेकुना व सूर्यापुर पंचायत के किसानों के खेतों में बरसात के पानी के साथ उक्त नदी का पानी मिलकर फसल की बर्बादी में अहम भूमिका निभाया। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त स्थल पर जब तक बांध का स्थाई समाधान नहीं किया जाएगा तब तक ऐसा ही होता रहेगा। उक्त स्थल पर तटबंध की मरम्मत पूर्व में भी की जा चुकी है लेकिन नदी की तेज धारा को मरम्मती कार्य नहीं झेल सका। इस दौरान टीम में शामिल पूर्व प्रमुख रमेश प्रसाद यादव, तेकुना पंचायत के नवनिर्वाचित मुखिया मनोज मरीक, पंसस ब्रहमदेव पासवान, मधुबनी पंचायत के निवर्तमान उपमुखिया बेचन पासवान, समाजसेवी सुशील कुमार नांग, अब्दुल अजीज, श्यामसुंदर पासवान, गंगा प्रसाद यादव, महेंद्र यादव, मु. कुदुस आदि ने किसानों को भरोसा दिलाया कि किसानों को फसल की हुई क्षति व तटबंध के पुनर्निर्माण की मांग की समस्या को लेकर वे जिलाधिकारी व संबंधित विभाग से मिलकर समाधान करवाया जाएगा।