पंचायतों में सात निश्चय योजनाओं की बीडीओ ने की जांच
सुपौल। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार गुरुवार को राघोपुर प्रखंड के बायसी एवं करजाईन पंचायत
सुपौल। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार गुरुवार को राघोपुर प्रखंड के बायसी एवं करजाईन पंचायत में चल रही मुख्यमंत्री ग्रामीण गली-नाली पक्कीकरण योजनाओं की जांच की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी राघोपुर सुभाष कुमार एवं कनीय अभियंता सतीश कुमार ने पहले बायसी पंचायत की मुखिया लाजवंती रुपम के द्वारा पंचायत में कराए गए विकास कार्यों का गहन रूप से जायजा लिया। जानकारी देते हुए बीडीओ सुभाष कुमार ने बताया कि वर्ष 2016-17 एवं वर्ष 17-18 में हुए पीसीसी सड़क के निर्माण की जांच की गई। जांच के दौरान बायसी पंचायत में वर्ष 2016-17 में वार्ड नंबर 6, 11 तथा 14 में निर्माण की गई पीसीसी सड़क की गुणवत्ता संतोषप्रद पाई गई। उन्होंने बायसी पंचायत में हुए कार्यों पर प्रशंसा जाहिर करते हुए बताया कि वर्ष 2017-18 में बायसी पंचायत के चयनित वार्ड में पेभर ब्लॉक से किए जाने वाले कार्य का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पेभर ब्लॉक का कार्य भी काफी संतोषजनक पाया गया। उन्होंने कहा कि इस कार्य की गोपनीय रिपोर्ट जिलाधिकारी को सुपुर्द की जाएगी। वहीं इसी क्रम में करजाईन पंचायत की मुखिया पूनम पासवान के द्वारा करजाईन पंचायत के वार्ड नंबर 13 में हो रहे पेभर ब्लॉक से पक्कीकरण कार्य की भी जांच की गई। जांच के दौरान कार्य की गति प्रगति पर पाई गई। इस अवसर पर बायसी मुखिया लाजवंती रूपम, करजाईन मुखिया पूनम पासवान, पूर्व पंसस तारानंद यादव, गोपाल पासवान, बायसी के पंचायत सेवक सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।