सुपौल के वीरपुर में दुर्गा पूजा से खुलेगी मानसरोवर झील, बोटिंग का भी मिलेगा आनंद
पूर्व मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने वीरपुर में विकसित की जा रही मानसरोवर झील का निरीक्षण किया। यह झील ...और पढ़ें

सुपौल के वीरपुर में दुर्गा पूजा से खुलेगी मानसरोवर झील, बोटिंग का भी मिलेगा आनंद (फाइल फोटो)
HighLights
मानसरोवर झील का पूर्व मंत्री बबलू ने किया निरीक्षण।
दुर्गा पूजा तक आम लोगों के लिए खुलेगी झील।
झील में बोटिंग की सुविधा भी जल्द होगी शुरू।
संवाद सूत्र, भीमनगर (सुपौल)। वीरपुर नगर क्षेत्र में विकसित की जा रही मानसरोवर झील का पूर्व मंत्री सह छातापुर भाजपा विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने निरीक्षण किया।
विधायक के ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में विकसित की जा रही झील के निरीक्षण के दौरान उन्होंने वीरपुर एसडीओ विनय कुमार, डीएफओ आतीश कुमार एवं वन विभाग के कर्मियों के साथ परिसर का जायजा लिया।
इस दौरान अब तक हुए कार्यों एवं शेष कार्यों की जानकारी ली गई। विधायक ने झील के चारों ओर घूमकर निर्माण एवं सुंदरीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शेष कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के बाद विधायक ने कहा कि मानसरोवर झील के निर्माण एवं विकास कार्य में काफी समय लगा है। अभी कुछ छोटे-मोटे कार्य शेष हैं, जिन्हें पूरा करने में थोड़ा और समय लगेगा।
उन्होंने कहा कि जिस योजना के तहत झील को विकसित किया जा रहा है, उसे पूरा करने के बाद जल्द ही आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
विधायक ने बताया कि एक माह के अंदर मानसरोवर झील को आम लोगों के लिए शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। दशहरा की पहली पूजा से झील को आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी है। इसके साथ ही झील में बोटिंग की सुविधा भी जल्द शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मानसरोवर एक बड़ा प्रोजेक्ट है। इसके शुरू होने के बाद भी विकास एवं सुंदरीकरण का कार्य लगातार जारी रहेगा। आने वाले समय में इसे बड़े पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां वीरपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों के साथ पड़ोसी नेपाल से भी पर्यटक आएं, इस दिशा में सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
विधायक ने कहा कि वीरपुर को खूबसूरत और आकर्षक शहर के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मानसरोवर झील के विकसित होने के बाद वीरपुर को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। मौके पर रेंजर अजय कुमार, फोरेस्टर रविरंजन, वनकर्मी चंदन कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।
