सुपौल में NH-27 पर बन रहा बिहार का पहला मोटेल; पटना-पूर्णिया रूट पर यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
Bihar First Highway Motel Supaul: सुपौल के किशनपुर में NH-27 पर बिहार का पहला आधुनिक मोटेल बन रहा है, जो ...और पढ़ें
-1792036727796_m.webp)
बिहार के हाईवे पर पहली बार मोटेल का अहसास: Bihar First Highway Motel Supaul
HighLights
सुपौल में बिहार का पहला आधुनिक मोटेल बन रहा।
NH-27 पर यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं।
मार्च 2027 तक ₹24.05 करोड़ में होगा तैयार।
जागरण संवाददाता, सुपौल। Bihar First Highway Motel Supaul: दूसरे विकसित राज्यों की तर्ज पर अब बिहार के राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों को भी विश्वस्तरीय सुविधाओं का अनुभव मिलेगा। पटना से पूर्णिया को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-27) पर सुपौल जिले के किशनपुर प्रखंड अंतर्गत आसनपुर कुपहा (कोसी महासेतु के पास) बिहार का पहला आधुनिक मोटेल आकार ले रहा है।
बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) की देखरेख में लगभग 24.05 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह 'मिड-वे सर्विस प्लाजा' मार्च 2027 तक पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा।
कम खर्च में उच्च स्तरीय खानपान और ठहरने की व्यवस्था
लंबी दूरी के सड़क यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इस मोटेल की रूपरेखा तैयार की गई है। अक्सर हाईवे पर चलने वाले मुसाफिरों को कुछ घंटे आराम करने, फ्रेश होने या रात बिताने के लिए महंगे होटलों का सहारा लेना पड़ता है।
इस मोटेल में यात्रियों को एनएच किनारे स्थित निजी होटलों या ढाबों की तुलना में बेहद किफायती और नियंत्रित दरों पर सरकार द्वारा प्रमाणित गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही कुछ घंटे रुकने अथवा पूरे दिन-रात ठहरने के लिए वातानुकूलित व आधुनिक कमरे न्यूनतम शुल्क पर मुहैया कराए जाएंगे।
फेज-2 में बनेगा एक्टिविटी पार्क और EV चार्जिंग स्टेशन
परियोजना को बहुआयामी और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए दूसरे चरण (फेज-2) का खाका भी तैयार कर लिया गया है। फेज-2 के तहत परिसर में हरित पार्क, बच्चों के मनोरंजन के लिए आकर्षक गेमिंग जोन तथा एक्टिविटी एरिया विकसित किए जाएंगे।
इसके अलावा भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के लिए हाई-स्पीड चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित होंगे। यदि परियोजना के विस्तार के लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता पड़ती है, तो प्रशासन ने संबंधित विभाग को आगे भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है।
डीएम ने निर्माण कार्य की समीक्षा कर तय की समय-सीमा
बिहार का पहला हाईवे मोटेल:
स्थान: आसनपुर कुपहा (किशनपुर, सुपौल), कोसी महासेतु के समीप, एनएच-27।
कार्यदायी संस्था: बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC)।
कुल लागत: ₹24.05 करोड़।
पूर्ण होने की समय-सीमा: मार्च 2027।
प्रमुख सुविधाएं: प्रमाणित खानपान, किफायती दरों पर अल्पकालिक व रात्रि विश्राम, स्वच्छ शौचालय।
फेज-2 की योजना: ग्रीन पार्क, चिल्ड्रेन गेमिंग जोन और ईवी (EV) चार्जिंग स्टेशन।
विस्तार योजना: राज्य के 4 अन्य जिलों में भी एनएच किनारे मोटेल निर्माण प्रस्तावित।
परियोजना को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। जिलाधिकारी सावन कुमार ने निर्माण स्थल की प्रगति का जायजा लेते हुए पर्यटन निगम के कार्यपालक अभियंता विकास कुमार से कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी ली। डीएम ने निर्माण कार्य मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पटना से पूर्णिया तक एनएच-27 पर वाहनों का अत्यधिक दबाव रहता है, ऐसे में इस मोटेल के शुरू होने से न केवल यात्रियों को सुरक्षित व आधुनिक पड़ाव मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यटन को भी नई संजीवनी मिलेगी।
"सुपौल में बिहार का पहला मॉडल मोटेल तेजी से बन रहा है, जो मार्च 2027 तक बनकर पूर्ण हो जाएगा। राज्य में सड़क पर्यटन और यात्री सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से प्रदेश के चार अन्य प्रमुख जिलों में भी राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे इसी तर्ज पर मोटेल निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है।"
