केले की खेती से बदल रही किसानों की किस्मत, 1 एकड़ में 50 हजार की लागत से 1.5 लाख की इनकम
लौकहा प्रखंड के किसान केले की खेती से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहे हैं। परंपरागत फसलों की तुलना में ...और पढ़ें

केले की खेती से बदल रही किस्मत, किसानों को मिल रहा बेहतर मुनाफा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, लौकहा बाजार (सुपौल)। आमतौर पर खेती को ऐसा पेशा माना जाता है, जिसमें कड़ी मेहनत के बावजूद किसानों को अपेक्षित आमदनी नहीं मिल पाती, लेकिन जिले के लौकहा प्रखंड के कुछ किसानों ने केले की खेती कर इस धारणा को सही साबित किया है। यहां केले की खेती किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रही है और कई परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।
लौकहा पंचायत के झहुरा गांव और हरदी पश्चिम पंचायत के ईटहरी गांव, जो तिलाबे नदी के किनारे बसे हैं, वहां बड़े पैमाने पर केले की खेती की जा रही है। इन गांवों के किसान परंपरागत फसलों की तुलना में केले की खेती से कई गुना अधिक मुनाफा कमा रहे हैं।
झहुरा गांव निवासी किसान धनिकलाल यादव बताते हैं कि धान, गेहूं या अन्य फसलों की अपेक्षा केले की खेती में चार से पांच गुना अधिक लाभ होता है। एक एकड़ में केले की खेती करने में लगभग 50 हजार रुपये तक की लागत आती है, जबकि फसल करीब 12 महीने में तैयार होकर डेढ़ लाख रुपये तक की आमदनी दे देती है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में खेत से ही केले की बिक्री लगभग 150 रुपये प्रति सैकड़ा के हिसाब से हो जाती है। सावन माह शुरू होते ही केले की मांग बढ़ जाती है और कीमत 180 रुपये प्रति सैकड़ा तक पहुंच जाती है। वहीं छठ महापर्व के समय भी केले की बिक्री काफी अधिक होती है।
किसानों के अनुसार, केले की खेती के लिए दोमट मिट्टी, जिसे स्थानीय भाषा में भरना मिट्टी कहा जाता है, सबसे उपयुक्त मानी जाती है। हालांकि, हर खेत में केले की खेती संभव नहीं होती, लेकिन जहां मिट्टी अनुकूल होती है वहां यह फसल किसानों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रही है।
एक ओर जहां केले की खेती को लेकर किसानों में उत्साह बढ़ रहा है, वहीं यह खेती अब कई लोगों के लिए रोजगार का भी जरिया बनती जा रही है। इलाके में केले की बढ़ती खेती से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।