नेपाल में भारी बारिश से कोसी में उफान, सुपौल में 250 घर बहे
कोसी नदी में अचानक आए उफान के कारण बिहार के सुपौल में 250 से अधिक घर बह गए हैं। बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। अन्य नदियों में भी पानी बढ़ रहा है।
पटना [वेब डेस्क]। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश के कारण कोसी नदी उफान पर है। इस कारण बिहार में बाढ़ का खतरा गहरा गया है। सुपौल के गांवों में कोसी का पानी घुस जाने के कारण आई बाढ़ में 250 से अधिक घर बह गए हैं।
जानकारी के अनुसार नेपाल में बारिश के कारण कोसी नदी में शनिवार रात से पानी अचानक बढ़ गया है। पानी का यह बहाव इस साल अभी तक के अधिकतम 233 लाख क्यूसेक के स्तर पर पहुंच गया है। शनिवार देर रात सुपौल जिले के निर्मली स्थित घोघरिया पंचायत में अचानक पानी घुस जाने से वहां हाहाकार मच गया। लोग घरों से भागे। बाढ़ के पानी में ढ़ाई सौ से अधिक घर बह गए।
सहरसा व खगडि़या में भी मंडरा रहा खतरा
अन्य जगहों की बात करें तो कुरसेला में कोसी का जलस्तर खतरे के निशान से 10 सेंटीमीटर ऊपर है। दियारा इलाकों में कोसी का पानी फैलने लगा है। सहरसा जिले में कोसी धीरे-धीरे अपने असली रंग में आती दिख रही है। पूर्वी तटबंध के 82.75 किमी पर रेनकट जारी है। खगडिय़ा में भी कोसी नदी का बहाव तेज है।
गंगा में भी बढ़ रहा जल-स्तर
उधर, बिहार में गंगा के जलस्तर में भी लगतार बढ़ातरी हो रही है। मुंगेर में गंगा का जलस्तर 36.50 मीटर पर पहुंच गया है। कटिहार से गुजरने वाली गंगा, महानंदा व कोसी के जलस्तर में उछाल से जहां दियारा इलाकों में बाढ़ का पानी फैलने लगा है। कटाव की रफ्तार भी काफी तेज हो गई है। बूढ़ी गंडक समस्तीपुर में घट रही है और रोसड़ा तथा खगडिय़ा में स्थिर है।