यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 10, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
टी-20 विश्व कप से पहले IPL है इशान किशन का मिशन, अंडर-16 के इस मैच को बताया यादगार
बिहार की राजधानी पटना निवासी भारत-ए टीम के सदस्य इशान किशन चाहते हैं कि टी-20 विश्व कप से पहले आइपीएल का आयोजन हो। जानें क्यों-

अरुण सिंह, पटना। कोरोना वायरस के कारण अपने गृहनगर पटना में लॉकडाउन भारत-ए टीम के सदस्य इशान किशन चाहते हैं कि टी-20 विश्व कप से पहले आइपीएल का आयोजन हो, जिसमें बेहतर प्रदर्शन कर वह क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप के महाकुंभ के लिए अपनी दावेदारी पेश कर सकें। इशान को उम्मीद है कि कोरोना से पूरी दुनिया जल्द निजात पा लेगी। पेश है उनसे के मुख्य अंश।
-आइपीएल के आयोजन पर संशय है। अगर इस साल नहीं हुआ तो व्यक्तिगत तौर पर आपके लिए कितनी क्षति होगी?
-मेरे लिए ही नहीं, बल्कि सभी युवाओं और बीसीसीआइ के लिए भी आइपीएल का आयोजन जरूरी है। मुंबई इंडियंस में मेरे कप्तान रोहित शर्मा, मेंटोर सचिन समेत तमाम क्रिकेटरों से प्रत्येक सत्र में काफी सीखने को मिलता है।
- ऑस्ट्रेलिया में टी-20 विश्व कप के लिए धौनी और रिषभ पंत होड़ में शामिल हैं। आप अपने को तीसरा दावेदार मानते हैं?
-क्रिकेट शुरू होना मेरी सबसे पहली प्राथमिकता है। इसके बाद सब कुछ चयनकर्ताओं के हाथ में है। अपने प्रदर्शन में निरंतरता रखना मेरा एकमात्र लक्ष्य है, चाहे वह विकेट के आगे या पीछे हो। हां मैं चाहूंगा कि विश्व कप से पहले आइपीएल हो। इससे मुझे भी अन्य क्रिकेटरों की तरह अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का मौका मिलेगा।
-लगभग तीन माह से क्रिकेट बंद है। लॉकडाउन में समय कैसे व्यतीत कर रहे हैं?
-क्रिकेट के लिए फिट रहना बेहद जरूरी है। संयोग से घर पर ही सीमेंट की पिच, बॉलिंग मशीन और जिम है, जिसका भरपूर उपयोग कर रहा हूं। इसके अलावा प्ले स्टेशन पर गेम खेलता हूं और मूवी देखता हूं।
-न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ उसके घर में हुई वनडे सीरीज में अपने प्रदर्शन से संतुष्ट हैं?
-एक मैच में मैंने 44 रन बनाए, जबकि अंतिम मैच मे 71 रन पर रन आउट हो गया। मुझे इस बात का मलाल रहेगा कि मैं भारत-ए को जीत नहीं दिला सका।
-कोरोना के कारण गेंद पर लार की जगह अन्य कृत्रिम पदार्थ लगाने पर बहस छिड़ी है। आपका क्या सुझाव है?
-लार का प्रयोग गेंदबाज करेगा और अन्य उसे स्पर्श करेंगे, जो खतरनाक है। बेहतर होगा पसीने का उपयोग गेंद को चमकाने में हो, जो सबसे सुरक्षित है। एक विकेटकीपर होने और हाथों में ग्लव्स पहनने के कारण मुझे कोई परेशानी नहीं होगी।
-अपने क्रिकेट करियर का सबसे यादगार क्षण?
-कई हैं, जिसमें झारखंड की ओर से त्रिपुरा के खिलाफ अंडर-16 मैच को हमेशा याद रखूंगा। बिहार छोड़कर झारखंड आने के बाद यह मेरा करो या मरो का मुकाबला था, जहां खराब प्रदर्शन से मैं बाहर हो जाता। बहरहाल मैंने पहली पारी में 67 रन बनाए और दूसरी पारी में 97 नाबाद रन की पारी खेली। अंतिम गेंद पर जीत के लिए चार रन बनाने थे। मैं छक्का जड़कर टीम को क्वालीफाई कराने में सफल रहा।
-बिहार रणजी टीम के दो साल के प्रदर्शन के बारे में क्या कहेंगे?
-जिस टीम में एक सत्र में 50 बदलाव हो और चार शून्य बनाने वाले नियमित खेले और शतक जडऩे वाले बाहर बैठे तो समझ लीजिए काफी गड़बड़झाला है। यही हाल रहा तो अगले 50 सालों में भी बिहार की टीम संभल नहीं सकती। अच्छे क्रिकेटरों को प्रशासक की भूमिका में आना बेहद जरूरी है, जो ऑन और ऑफ फील्ड टीम को एकसूत्र में पिरो सके।