यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 10, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Weather Updates: बिहार के कई जिलों में आंधी-तूफान, तेज बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि, अलर्ट जारी
Bihar Weather Updates बिहार में पटना सहित कई जिलों में अचानक रविवार की रात तेज आंधी तूफान के साथ बारिश ...और पढ़ें

जागरण टीम, पटना। Bihar Weather Update: बिहार में रविवार की देर रात अचानक मौसम बदल गया और पटना सहित कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हुई। वहीं, रात की बारिश के बाद सोमवार की सुबह भी आसमान में बादल छाए हैं और तेज हवा चल रही है। आज भी कुछ जिलों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। इस बारे में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम चंपारण जिले के कुछ भागों में अगले दो-तीन घंटों में बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ-साथ वज्रपात, ओलावृष्टि के साथ ही हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा और तेज हवा चलने की संभावना है।
रविवार की रात बिहार के कई जिलों में मेघ के गर्जन के साथ तेज बारिश हुई। वहीं लखीसराय सहित कुछ जिलों में बारिश के साथ ही ओलावृष्टि की भी खबर है। 15 से 20 मिमी बारिश का अनुमान है।
पटना सहित सूबे के कई जिलों में रविवार को दिन में तीखी धूप के बाद देर रात अचानक मौसम में बदलाव आया और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। आरा, गया, कैमूर, जहानाबाद, वैशाली, अरवल और औरंगाबाद में भी तेज बारिश और आंधी के कारण कई पेड़ सड़कों पर गिर गए, जिससे बिजली की आपूर्ति भी ठप हो गई।
मौसम के अचानक बदलाव के पीछे यह बात कही जा रही है कि जम्मू की ओर प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ को अचानक अनुकूल परिस्थितियां मिलीं जिससे वह दिल्ली होते हुए कैमूर तक प्रसार पा सका है।
जहानाबाद जिले में रविवार की रात करीब 12 बजे आंधी पानी से कई जगहों पर पेड़ गिरे हैं। टेहटा, मखुदमपुर में 11000 केवी बिजली के पोल पर पेड़ गिरा है। शहर के श्याम नगर में पेड़ गिरा है। 11 जगहों पर बिजली के तार में फॉल्ट लगे हैं, जिसके कारण बिजली की आपूर्ति ठप है।
रविवार की सुबह से उमस भरी गर्मी से राजधानीवासी परेशान थे, तो वहीं शाम में हल्की हवा चलने से उमस में राहत मिली थी। लेकिन रात 11 बजे के बाद अचानक मौसम ने करवट बदली और तेज हवा के साथ बारिश होने लगी। वहीं दिन में सिवान जिले में बारिश की जानकारी मिली थी।
बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही बिहार झारखंड में तेज आंधी और बारिश होने की संभावना जताई थी। रविवार की सुबह से बिहार, झारखण्ड सहित कई राज्यों में भी मौसम लगातार करवट ले रहा था। मौसम विभाग ने जहां कई इलाकों में अगले कुछ घंटों के अंदर मेघ-गर्जन के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई है वहीं कई जिलों में वज्रपात व ओले पड़ने की भी आशंका जताई है।
इस बारिश से फसलों को काफी क्षति पहुंची है। एक ओर जहां गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है तो वहीं आम और लीची की फसल पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा।