सिवान में सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंदा, दोनों की मौत
सिवान के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत।
HighLights
सिवान में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंदा।
टड़वां गांव निवासी मुकेश और पुत्र बिट्टू की हादसे में दर्दनाक मौत।
जेसीबी से ट्रक हटाकर शव निकाले, पुलिस ने ट्रक जब्त किया।
जागरण संवाददाता, सिवान। सिवान के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विदुरती हाता गांव स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप रविवार की देर शाम तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंद दिया।
हादसे में टड़वां गांव निवासी मुकेश कुमार और उनके पुत्र बिट्टू कुमार की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया।
घटना के दौरान दोनों पिता-पुत्र बाइक समेत ट्रक के नीचे फंस गए थे। जेसीबी की मदद से ट्रक हटाकर दोनों को बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया।
सूचना प्रेषण तक पुलिस पोस्टमार्टम कराने व कागजी कार्रवाई में जुटी थी। मृत मुकेश के भतीजे अमित कुमार ने बताया कि उसके चाचा अपने पुत्र बिट्टू को बाइक पर बैठाकर सब्जी खरीदने बाजार जा रहे थे।
जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप हकाम की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने विपरीत दिशा में आकर उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रक के नीचे फंस गए।
स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद जेसीबी की मदद से दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया।
यह भी पढ़ें- भागलपुर में पीरपैंती पावर प्लांट के पास पेड़ से टकराई बोलेरो, मैकेनिकल इंजीनियर की मौत; 5 घायल
