'अब मैं कहां जाऊं...', सिवान जंक्शन पर रेलवे टावर पर चढ़ी पत्नी, 2 घंटे मचा रहा हड़कंप
सिवान जंक्शन पर पति द्वारा साथ रखने से इनकार करने और मारपीट के बाद एक महिला रेलवे माइक्रोवेव टावर पर चढ़ गई।

टावर पर चढ़ी महिला को उतरने का प्रयास करती टीम। (सौजन्य:आरपीएफ)
HighLights
पति ने छोड़ा, तो सिवान जंक्शन पर टावर पर चढ़ी महिला।
पुलिस ने दो घंटे बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा।
घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जागरण संवाददाता, सिवान। सिवान जंक्शन परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक महिला रेलवे के माइक्रोवेव टावर पर चढ़ गई।
महिला को टावर पर चढ़ा देख रेलवे कर्मचारियों ने आरपीएफ और जीआरपी को सूचना दी। इसके बाद पुलिस के साथ अग्निशमन विभाग और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद महिला को नीचे उतारा गया। इस दौरान चोट लगने के कारण पुलिस उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गई।
महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के बंधुपुर निवासी अंजू राजभर (29) के रूप में हुई है। अंजू ने बताया कि करीब चार वर्ष पहले उसने धनौती थाना क्षेत्र के मूड़ा गांव निवासी गुड्डू यादव से मंदिर में शादी की थी।
इसके बाद दोनों साथ रहने लगे। हालांकि, पति के स्वजन को यह शादी मंजूर नहीं थी। इस कारण परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था।
मारपीट के बाद जंक्शन पर छोड़कर भागा पति
अंजू के अनुसार, शुक्रवार को पति और ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद पति उसे सिवान जंक्शन लेकर पहुंचा और साथ रखने से इनकार करते हुए अपने घर चले जाने को कहा।
इसके बाद वह उसे छोड़कर चला गया। पति के इस व्यवहार से परेशान अंजू जंक्शन परिसर में स्थित रेलवे माइक्रोवेव टावर के पास पहुंची।
करीब दस फीट ऊंची दीवार पार कर वह परिसर में दाखिल हुई और दोपहर करीब दो बजे टावर पर चढ़ गई। उसे टावर पर चढ़ा देख लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान महिला बार-बार कह रही थी कि अब वह कहां जाएगी।
आरपीएफ, जीआरपी और अन्य टीमों के प्रयास से उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- 'शादी के लिए हां करो तभी उतरूंगा', बांका में 33 हजार केवी के टावर पर चढ़ा दुमका का युवक, पुलिस के छूटे पसीने
