सिवान शहर को जाम से मिलेगी निजात; DM के निर्देश पर 11 स्थानों पर लग रहा ट्रैफिक सिग्नल, जानिए चयनित स्थल
सिवान में यातायात व्यवस्था सुधारने और जाम से निजात दिलाने के लिए जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने महत्वपूर्ण निर्देश दिए ...और पढ़ें

सिवान में दूर होगी जाम की समस्या। जागरण
HighLights
सिवान में 11 स्थानों पर लगेंगे ट्रैफिक सिग्नल।
जिलाधिकारी ने जाम से निजात दिलाने का दिया निर्देश।
नगर परिषद करेगा अधिष्ठापन, यातायात होगा सुगम।
जागरण संवाददाता, सिवान। शहर की यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने और जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से जल्द ही जेपी चौक सहित 11 जगहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाया जाएगा।
जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने इसको लेकर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को आदेशित किया है। डीएम के निर्देश के आलोक में नगर परिषद प्रशासन ने ट्रैफिक लाइट सिग्नल अधिष्ठापन को लेकर तैयारी भी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शहरी क्षेत्र में लगने वाला यह पहला सिग्नल सिस्टम होगा। जिला दंडाधिकारी ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 116 द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश निर्गत किया है।
इसमें ईओ को निर्देशित करते हुए कहा है कि वे पुलिस उपाधीक्षक, यातायात से समन्वय स्थापित करते हुए नगर क्षेत्रान्तर्गत शहर के जेपी चौक, गोपालगंज मोड़, अस्पताल मोड़, बबुनिया मोड़, तरवारा मोड, हरदिया मोड़, स्टेशन मोड़, दारोगा प्रसाद राय कालेज के समीप बाइपास मोड़, फतेहपुर बाईपास मोड़, फतेहपुर-अस्पताल बाईपास मोड़, ललित बस स्टैंड व सिसवन ढ़ाला मोड़ पर ट्रैफिक लाइट सिग्नल लगवाना सुनिश्चित करेंगे।
इसके अलावा सभी कार्यपालक अभियंता को अपने-अपने क्षेत्र में सभी सड़कों पर रोड फर्नीचर/ साईनेज अनिवार्य रूप से लगवाने को कहा गया है।
डीएम ने कहा है कि इसके अलावा अन्य चौक-चौराहों व चिह्नित जाम स्थलों पर यातायात संकेत (ट्रैफिक सिग्नल), संकेत स्तंभ, सड़क चिह्न, लेन मार्किंग एवं पैदल पार पथ की स्थापना एवं संचालन सुनिश्चित करेंगे।
सभी यातायात संकेत एवं सहायक संरचनाएं आईआरसी दिशा निर्देशों सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय निर्देशों एवं प्रचलित भारतीय मानक आईएस के अनुसार होगी।
नगर परिषद प्रशासन को इस कार्य हेतु पुलिस अधीक्षक, यातायात पुलिस एवं संबंधित शहरी /सड़क निर्माण प्राधिकरण के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित करने को कहा गया है।
डीएम ने कहा है कि सभी संबंधित पदाधिकारी उपर्युक्त आदेश का अक्षरशः अनुपालन करना सुनिश्चित करेंगे। यदि किसी पदाधिकारी द्वारा आदेश के अनुपालन में किसी प्रकार की लापरवाही बरती जाती है तो इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
