विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिवान में विशिष्ट शिक्षकों को जल्द मिलेगा बकाया वेतन, शिक्षा विभाग ने शुरू किया प्रोसेस  

Published: Wed, 30 Sep 2026 05:56 PM (GMT+05:30)

सिवान जिले में कार्यरत विशिष्ट शिक्षकों के आंशिक अथवा बकाया वेतन के भुगतान की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. सिवान में विशिष्ट शिक्षकों के बकाया वेतन भुगतान की तैयारी।

  2. जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने जारी किए आवश्यक निर्देश।

  3. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को एक सप्ताह में देनी होगी अनुपस्थिति विवरणी।

जागरण संवाददाता, सिवान। जिले के विभिन्न प्रखंडों में कार्यरत विशिष्ट शिक्षकों के आंशिक अथवा बकाया वेतन के भुगतान की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसको लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के स्थापना संभाग ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किया है।

डीपीओ स्थापना की ओर से जारी पत्र में संबंधित शिक्षकों की अनुपस्थिति विवरणी उपलब्ध कराने को कहा गया है। निर्देश के अनुसार दूसरे जिले या प्रखंड से स्थानांतरित होकर जिले में आए वैसे विशिष्ट शिक्षकों का भी ब्योरा तैयार किया जाएगा, जिनका आंशिक या बकाया वेतन किसी कारण से लंबित है। इसके अलावा अन्य कारणों से भुगतान रुके शिक्षकों को भी सूची में शामिल किया जाएगा।

सभी बीईओ को अपने-अपने प्रखंड से ऐसे शिक्षकों की अनुपस्थिति विवरणी निर्धारित प्रपत्र में तैयार कर जिला कार्यालय को भेजनी होगी। इसके लिए एक सप्ताह की समय सीमा निर्धारित की गई है। प्रखंड संसाधन केंद्र स्तर पर निर्धारित बिंदुओं का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिक्षकों के विपत्र से संबंधित प्रविष्टियां माहवार और लगातार क्रम में दर्ज की जाएं। एक ही माह की प्रविष्टियों को अलग-अलग क्रम में नहीं रखा जाएगा।

प्रत्येक शिक्षक की अनुपस्थिति विवरणी के साथ विद्यालय के प्रधानाध्यापक का अग्रसारण पत्र लगाना अनिवार्य होगा।

भविष्य में यदि किसी शिक्षक की ओर से बकाया वेतन का दावा आता है और उसका विवरण पूर्व में नहीं भेजा गया था, तो इसकी जवाबदेही संबंधित बीईओ की होगी।

यह भी पढ़ें- मधुबनी के गांवों में फिर बजेगी दूध की घंटी, 355 नई समितियां बनाने के लिए खास प्लान