बिहार में स्कूली वाहनों की ऑनलाइन होगी निगरानी, पोर्टल पर दर्ज होगा पूरा ब्योरा
सिवान परिवहन विभाग स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा हेतु निजी स्कूलों के वाहनों की ऑनलाइन निगरानी करेगा। एक नए पोर्टल ...और पढ़ें

जिला परिवहन कार्यालय सिवान। फोटो जागरण
HighLights
स्कूली वाहनों की सुरक्षा हेतु ऑनलाइन निगरानी व्यवस्था।
पोर्टल पर वाहनों और चालकों का पूरा ब्योरा दर्ज होगा।
गति, लोकेशन, फिटनेस व बीमा की होगी सीधी जांच।
जागरण संवाददाता, सिवान। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग निजी स्कूलों के वाहनों की निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने जा रहा है।
इसके तहत जिले के सभी निजी स्कूलों को बच्चों को लाने-ले जाने में इस्तेमाल होने वाले वाहनों और उनके चालकों का पूरा ब्योरा ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कराना होगा।
विभाग जल्द ही इस पोर्टल को शुरू करने की तैयारी में जुटा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद स्कूली वाहनों के संचालन पर विभाग की सीधी नजर रहेगी।
अपर जिला परिवहन पदाधिकारी पिंकू कुमार ने बताया कि पोर्टल के माध्यम से स्कूली वाहनों के दस्तावेज, लोकेशन और गति की निगरानी की जाएगी। इसके लिए पोर्टल को वाहन और सारथी पोर्टल से जोड़ा जाएगा।
इससे परिवहन विभाग को वाहनों की स्थिति की रियल टाइम जानकारी मिल सकेगी। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान करना भी आसान होगा।
गति सीमा तोड़ने पर लगेगा जुर्माना
स्कूली वाहनों में लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे उनकी आवाजाही और गति पर नजर रखी जा सकेगी। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने पर संबंधित चालक और वाहन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इससे चालकों की मनमानी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
फिटनेस और बीमा की भी होगी निगरानी
पोर्टल पर वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, बीमा, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेजों का विवरण भी दर्ज रहेगा। किसी दस्तावेज की वैधता समाप्त होने से पहले ही स्कूल प्रबंधन और विभाग को इसकी जानकारी मिल सकेगी।
इससे बिना वैध कागजात के स्कूली वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। परिवहन विभाग को उम्मीद है कि इस पहल से स्कूली वाहनों के संचालन में पारदर्शिता बढ़ेगी और बच्चों की यात्रा पहले से अधिक सुरक्षित होगी।