सिवान में मध्याह्न भोजन योजना में गड़बड़ी पर एक्शन, दरौली के प्रखंड साधनसेवी बर्खास्त
सिवान में मध्याह्न भोजन योजना में अनियमितताओं के आरोप में दरौली प्रखंड के साधनसेवी रंजीत कुमार ठाकुर को बर्खास्त कर दिया गया है।

शिक्षा विभाग कार्यालय। फोटो जागरण
HighLights
दरौली प्रखंड साधनसेवी रंजीत कुमार ठाकुर बर्खास्त।
पद के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितता के आरोप।
70 बैग खाद्यान्न की कमी भी जांच में मिली।
जागरण संवाददाता, सिवान। मध्याह्न भोजन योजना में कथित अनियमितताओं के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
बिहार राज्य मध्याह्न भोजन योजना समिति, पटना ने दरौली प्रखंड के प्रखंड साधनसेवी रंजीत कुमार ठाकुर को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है।
निदेशालय स्तर पर गठित जांच टीम की रिपोर्ट और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी की टिप्पणी के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
विभागीय जांच में रंजीत कुमार ठाकुर पर पद का दुरुपयोग करने, स्थानांतरण के बाद भी कार्यभार नहीं सौंपने, जिला कार्यालय में उपस्थिति दर्ज कराने और अपने व पत्नी के नाम पर वाहन भाड़े से आर्थिक लाभ लेने के आरोप सामने आए हैं।
चार विद्यालयों में 70 बैग खाद्यान्न की कमी
जांच में दरौली प्रखंड के चार विद्यालयों को आवंटन की तुलना में कम खाद्यान्न उपलब्ध कराने का मामला भी सामने आया।
इसमें मध्य विद्यालय गड़वार और कुठौटी को पांच-पांच बैग, मध्य विद्यालय बिशुनपुरिया को 22 बैग तथा मध्य विद्यालय गौरी को 38 बैग कम खाद्यान्न देने का उल्लेख है।
इस प्रकार कुल 70 बैग खाद्यान्न की कमी पाई गई। विभाग ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए संबंधित पदाधिकारी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
14 वर्षों से वाहन भाड़े पर चलाने का उल्लेख
विभागीय दस्तावेजों के अनुसार, रंजीत कुमार ठाकुर अपने और पत्नी के नाम पर मध्याह्न भोजन योजना तथा शिक्षा विभाग से संबंधित कार्यों में वाहन भाड़े पर चलवाकर आर्थिक लाभ प्राप्त कर रहे थे।
विभागीय टिप्पणी में करीब 14 वर्षों से वाहन भाड़े पर चलाने का उल्लेख है। इसके अलावा स्थानांतरण के बाद कार्यभार नहीं सौंपने के बावजूद जिला कार्यालय में उपस्थिति दर्ज कराने का मामला भी कार्रवाई का आधार बना।
समिति के निदेशक विनायक मिश्र के आदेश पर बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई है। आदेश की प्रतिलिपि जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मध्याह्न भोजन योजना, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
यह भी पढ़ें- जहानाबाद के गौरक्षणी-दरधा पुल को नवंबर तक मिलेगी तकनीकी मंजूरी, CM ने दिया ग्रीन सिग्नल
