विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जहानाबाद के गौरक्षणी-दरधा पुल को नवंबर तक मिलेगी तकनीकी मंजूरी, CM ने दिया ग्रीन सिग्नल

Published: Tue, 13 Oct 2026 04:01 PM (IST)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जहानाबाद के गौरक्षणी-ठाकुरबाड़ी-दरधा पुल निर्माण को नवंबर 2026 तक तकनीकी स्वीकृति देने का निर्देश दिया है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।

जहानाबाद के गौरक्षणी-दरधा पुल को नवंबर तक मिलेगी तकनीकी मंजूरी (AI Generated Image)

जहानाबाद के गौरक्षणी-दरधा पुल को नवंबर तक मिलेगी तकनीकी मंजूरी (AI Generated Image)

HighLights

  1. गौरक्षणी-दरधा पुल को नवंबर 2026 तक तकनीकी मंजूरी।

  2. मुख्यमंत्री ने जल्द निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया।

  3. हुलासगंज आंगनबाड़ी भवन 3-4 माह में होगा तैयार।

जागरण संवाददाता, जहानाबाद। शहर के गौरक्षणी-ठाकुरबाड़ी-दरधा पुल निर्माण की राह अब आसान होती दिख रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पुल निर्माण के लिए तैयार प्राक्कलन और स्केच को नवंबर 2026 तक तकनीकी स्वीकृति देने तथा जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया है।

मंगलवार को आयोजित राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम में जहानाबाद से जुड़ी जनसमस्याओं की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने यह निर्देश दिया। पुल निर्माण की प्रक्रिया में तेजी आने से लंबे समय से आवागमन की परेशानी झेल रहे स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

कार्यक्रम में जहानाबाद की जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ीं। मुख्यमंत्री ने जिले से संबंधित दो मामलों की समीक्षा की।

इनमें गौरक्षणी-ठाकुरबाड़ी-दरधा पुल निर्माण और हुलासगंज प्रखंड के पश्चिमी बिगहा महादलित टोले में आंगनबाड़ी केंद्र के भवन निर्माण का मामला शामिल था।

जर्जर पैदल पुल हटने से बढ़ी परेशानी

गौरक्षणी और ठाकुरबाड़ी के बीच आवागमन के लिए पहले एक पैदल पुल बना हुआ था। जर्जर स्थिति और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण इसे हटा दिया गया था। इसके बाद स्थानीय नागरिकों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

आवेदक विनायक पोद्दार ने इस समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को बताया कि गौरक्षणी-ठाकुरबाड़ी-दरधा पुल निर्माण का प्राक्कलन और स्केच तैयार कर तकनीकी स्वीकृति के लिए बिहार राज्य पुल निर्माण निगम को भेजा जा चुका है।

इस पर मुख्यमंत्री ने पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत संबंधित निगम को नवंबर तक तकनीकी मंजूरी सुनिश्चित करने और उसके बाद निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।

चार माह में तैयार होगा आंगनबाड़ी भवन

दूसरे मामले में हुलासगंज प्रखंड की बौरी पंचायत के पश्चिमी बिगहा महादलित टोले में किराये के भवन में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र का मुद्दा उठा। आवेदक रजनीश कुमार की शिकायत पर जिलाधिकारी ने बताया कि केंद्र भवन को कायाकल्प योजना के तहत चयनित किया गया है।

वीबी-जी राम जी के तहत निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। प्रशासन के अनुसार, अगले तीन से चार माह में भवन निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने इस कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और जनशिकायतों का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। दोनों मामलों में प्रशासनिक स्तर पर तेजी आने से स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान की उम्मीद बढ़ी है।