कार्यालय नहीं मिला तो फर्श पर बैठ गए 20 सूत्री अध्यक्ष, मनाने पहुंचे BDO भी अफसरों के साथ वहीं बैठ गए
सिसवन प्रखंड मुख्यालय में बीस सूत्री अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने कार्यालय न मिलने पर सदस्यों संग फर्श पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। बीडीओ राजेश कुमार ने उन्हें मनाने का प्रयास किया और अंततः खुद भी फर्श पर बैठ गए।

प्रखंड कार्यालय में फर्श पर बैठे बीस सूत्री अध्यक्ष व सदस्य। जागरण
HighLights
बीस सूत्री अध्यक्ष ने कार्यालय न मिलने पर विरोध किया।
सदस्यों और समर्थकों के साथ प्रखंड कार्यालय के सामने बैठे।
बीडीओ राजेश कुमार भी अधिकारियों संग फर्श पर बैठे।
संवाद सूत्र, सिसवन (सिवान)। सिसवन प्रखंड मुख्यालय में कार्यालय उपलब्ध नहीं कराए जाने से नाराज बीस सूत्री अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह शुक्रवार को अपने सदस्यों एवं समर्थकों के साथ प्रखंड कार्यालय के सामने फर्श पर बैठ गए।
संजीव कुमार सिंह भाजपा मंडल अध्यक्ष भी हैं। उनके इस विरोध के बाद प्रखंड परिसर में कुछ देर तक असहज स्थिति बनी रही। इसके बाद बीडीओ ने मान मनौव्वल का प्रयास किया।
बताया जाता है कि शुक्रवार को बीस सूत्री की बैठक थी। इसी के लिए अध्यक्ष और सदस्य पहुंचे थे। इसके बाद वे फर्श पर बैठ गए।
2 वर्षों बाद भी नहीं मिला कार्यालय
उनका कहना था कि बीस सूत्री कमेटी का गठन हुए करीब दो वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक अध्यक्ष के लिए अलग कार्यालय की व्यवस्था नहीं की गई है।
अध्यक्ष एवं उनके समर्थकों का कहना था कि जिले के अन्य प्रखंडों में बीस सूत्री कार्यालय खुल चुका है, जबकि सिसवन में बार-बार मांग के बावजूद उन्हें कार्यालय उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।
फर्श पर बैठे अध्यक्ष को मनाने बीडीओ राजेश कुमार पहुंचे। उन्होंनेअध्यक्ष एवं सदस्यों को बैठक के लिए अंबेडकर सभागार में चलने का आग्रह किया।
जगह की कमी का दिया हवाला
उन्होंने प्रखंड में जगह की कमी का हवाला देते हुए बताया कि आवास कार्यालय में बीस सूत्री कार्यालय खोला जाएगा। हालांकि, अध्यक्ष और उनके समर्थक बार-बार आश्वासन मिलने से नाराज थे और फर्श पर ही बैठे रहे।
इस दौरान बीडीओ राजेश कुमार सहित प्रखंड के अन्य पदाधिकारी भी उनके साथ प्रखंड मुख्यालय के सामने फर्श पर बैठ गए। घटना को लेकर प्रखंड परिसर में लोगों के बीच चर्चा होती रही।