विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब रेलवे काउंटर से टिकट लेने पर भी मिलेगा यात्रा बीमा का विकल्प, डिजिटल करना होगा प्रीमियम भुगतान

Published: Tue, 27 Oct 2026 04:28 PM (IST)

रेलवे ने पीआरएस काउंटरों से टिकट बुक करने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा बीमा की सुविधा शुरू की है। ...और पढ़ें

रेलवे काउंटर से टिकट(एआई जेनरेटेड तस्वीर)

रेलवे काउंटर से टिकट(एआई जेनरेटेड तस्वीर)

जागरण संवाददाता, सिवान। रेलवे के आरक्षण काउंटर से टिकट लेने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब ऑनलाइन ई-टिकट की तरह पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) काउंटर से आरक्षित टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को भी वैकल्पिक यात्रा बीमा की सुविधा मिलेगी। 

रेलवे बोर्ड ने मंगलवार से इस नई व्यवस्था को लागू करने का निर्देश दिया है। इसके बाद काउंटरों पर सुविधा शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

प्रीमियम का भुगतान डिजिटल माध्यम से

नई व्यवस्था के तहत यात्री टिकट बुक कराते समय अपनी इच्छा के अनुसार यात्रा बीमा का विकल्प चुन सकेंगे। बीमा का लाभ लेने के लिए यात्रियों को मोबाइल नंबर देना होगा। 

साथ ही बीमा प्रीमियम का भुगतान डिजिटल माध्यम से करना अनिवार्य होगा। इससे काउंटर से टिकट लेने वाले यात्रियों को भी यात्रा के दौरान संभावित जोखिमों से सुरक्षा पाने का विकल्प मिलेगा।

बीमा लेना अनिवार्य नहीं

रेलवे की ओर से यात्रा बीमा को वैकल्पिक रखा गया है। जो यात्री बीमा का लाभ लेना चाहते हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत इसका विकल्प चुन सकते हैं। वहीं, बीमा नहीं लेने वाले यात्रियों को स्पष्ट रूप से ''नो'' विकल्प चुनना होगा। इससे टिकट बुकिंग के दौरान यात्रियों को अपनी जरूरत और सुविधा के अनुसार निर्णय लेने का मौका मिलेगा।

रेलवे बोर्ड ने जारी किया निर्देश

जानकारी के अनुसार, रेलवे बोर्ड ने 24 अक्टूबर को इस संबंध में मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक को पत्र जारी कर आरक्षण काउंटरों पर वैकल्पिक यात्रा बीमा की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि रेलवे बोर्ड के निर्देश पर इस व्यवस्था को लागू करने की दिशा में काम चल रहा है। नई सुविधा शुरू होने से काउंटर से टिकट लेने वाले यात्रियों को भी आनलाइन बुकिंग की तरह यात्रा बीमा का विकल्प मिल सकेगा।

यह भी पढ़ें- दीपावली-छठ पर बिहार जाने वाली 5 ट्रेनों में सीटें खाली, आसानी से मिल रहा कंफर्म टिकट