Siwan News: चकरी में बाहुबली के महिष्मति महल की तरह दिखाई देगा पूजा पंडाल
दारौंदा के चकरी में दुर्गा पूजा समिति प्रत्येक वर्ष की भांति इस साल भी भव्य पंडाल और भव्य मूर्ति निर्माण कराने में जुटी हुई है। बाहुबली के महिष्मति महल के स्वरूप का पंडाल बनाया जा रहा है। इसमें करीब एक लाख से अधिक रुपये खर्च होने की संभावना है।
संसू, दारौंदा (सिवान) : प्रखंड मुख्यालय सहित सभी ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार से शारदीय नवरात्र आरंभ हो गया है। पूजा समितियां अपने-अपने पंडाल व मां दुर्गा की प्रतिमाओं को आकर्षण रूप देने में जुटी हुई हैं। ग्रामीण इलाके में करीब एक दर्जन अधिक जगह पर भव्य पूजा पंडाल बनाने का कार्य तेजी से शुरू हो गया। इसी क्रम में दारौंदा के चकरी में दुर्गा पूजा समिति प्रत्येक वर्ष की भांति इस साल भी भव्य पंडाल और भव्य मूर्ति निर्माण कराने में जुटी हुई है। दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष अनुज सिंह व सचिव ब्रजेश पांडेय ने बताया कि बाहुबली के महिष्मति महल के स्वरूप का पंडाल बनाया जा रहा है। इसमें करीब एक लाख से अधिक रुपये खर्च होने की संभावना है। यह पंडाल 60 फीट ऊंचा व आकर्षक होगा। पंडाल निर्माण के लिए सारण के जनता बाजार के कारीगर अपने साथियों के साथ जुटे हुए हैं।
लाइटिंग और साउंड की जिम्मेवारी एकमा बाजार के एक टेंट संचालक को दी गई। पंडाल में मां दुर्गा, गणेश, कार्तिक, शिवजी आदि की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। छपरा से आए मूर्तिकार प्रतिमा को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। मां दुर्गा की प्रतिमा आठ फीट ऊंची होगी। मां दुर्गा शेर संग सवारी करती दिखाई देंगी। पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि पंडाल व पूजा में करीब दो लाख से अधिक रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके लिए ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम समेत अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दुर्गा पूजा समिति में करीब 40 से अधिक सदस्य शामिल किए गए हैं। इसमें अध्यक्ष अनुज सिंह, सचिव ब्रजेश पांडेय, डब्लू सिंह, संतोष सिंह, सुजीत सिंह, विकाश सिंह (बिनु), पवन सिंह, अनुज सिंह, धीरज सिंह आदि शामिल हैं। सभी सदस्यों को अलग-अलग कार्य की जिम्मेवारी दी गई है।