विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिवान में मालवीय चौक के पास बनेगा मॉडर्न पार्क, विभाग को प्रस्ताव भेजने की तैयारी

Published: Fri, 23 Oct 2026 05:03 PM (IST)

सिवान नगर परिषद मालवीय चौक के पास आधुनिक सुविधाओं से लैस पार्क बनाने की तैयारी में है, जिसके लिए संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजा जा रहा है।

नगर परिषद सिवान। (जागरण)

नगर परिषद सिवान। (जागरण)

जागरण संवाददाता, सिवान। शहर के मालवीय चौक के समीप आधुनिक सुविधाओं से लैस पार्क बनाने की दिशा में नगर परिषद ने पहल तेज कर दी है।

पार्क निर्माण के लिए संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है। यह निर्णय नगर परिषद की समीक्षा बैठक में लिया गया।

बैठक में शहर की साफ-सफाई, विकास योजनाओं और नगर परिषद को नगर निगम का दर्जा दिलाने के प्रस्ताव पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

प्रस्तावित पार्क में बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, ओपन जिम, आकर्षक लाइटिंग, बैठने की बेहतर व्यवस्था, हरियाली और पैदल पथ जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने कहा कि पार्क बनने से शहरवासियों को बेहतर सार्वजनिक स्थल मिलेगा और क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ेगी।

इसके अलावा शहर की सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। नियमित कचरा उठाव, नालियों की सफाई, सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

सफाई कर्मियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की बात कही गई। नगर परिषद को नगर निगम में अपग्रेड करने के प्रस्ताव पर भी मंथन हुआ।

कार्यपालक पदाधिकारी नीलम श्वेता ने बताया कि शहर के आसपास प्रखंडों के 10 गांवों को शामिल करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

इसमें सिवान सदर प्रखंड के कलिंजरा व बाघड़ा, पचरूखी प्रखंड के आकोपुर, झुनापुर, बभनौली व बैसाखी तथा हुसैनगंज प्रखंड के सिधवल, जुड़कन, छपिया खुर्द और छपिया बुजुर्ग गांव शामिल हैं। हालांकि, छपिया पंचायत की मुखिया आरती देवी ने क्षेत्र को नगर निगम में शामिल करने पर आपत्ति दर्ज कराई है।

डीएम ने दिए निर्देश

इस पर डीएम ने कहा कि इस संबंध में सांसद, विधायक, विधान पार्षद सहित जनप्रतिनिधियों से सुझाव लेकर अग्रेतर कार्रवाई की जाए।

ईओ ने कहा कि नगर निगम बनने से शहर के विकास के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे, आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा और बड़े पैमाने पर विकास योजनाओं को गति मिलेगी।

इस दिशा में आवश्यक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। उन्होंने कहा कि शहर के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- मजदूर बनकर घूमती थीं, भीड़ में उड़ाती थीं जेवरात और पर्स; UP और सिवान की 15 महिलाएं गिरफ्तार