जंक्शन से घर लौट रहे यात्री को चाकू मार लूट
सिवान। नगर थाना क्षेत्र के चीक टोली मोड़ समीप रविवार की अलसुबह जंक्शन से घर लौट रहे यात्री से एक अप
सिवान। नगर थाना क्षेत्र के चीक टोली मोड़ समीप रविवार की अलसुबह जंक्शन से घर लौट रहे यात्री से एक अपराधी ने चाकू के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया। जब यात्री ने इसका विरोध किया तो अपराधी ने उसे चाकू मारकर घायल कर दिया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टाइगर मोबाइल की मदद से उसे घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। पकड़ा गया अपराधी चमड़ा मंडी का नेसार उर्फ ध्रुव बताया जाता है। इस पर सराय ओपी और नगर थाना में दर्जनों मामले दर्ज हैं। पुलिस ने घायल यात्री को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छोड़ दिया गया। घायल को अपराधी ने कंधे पर चाकू मारा था। घायल यात्री नौतन थाना क्षेत्र के मुरार पट्टी व वर्तमान में नई बस्ती निवासी कुलेश्वर प्रसाद बताया जाता है। पुलिस ने पकड़े गए अपराधी के पास से लूटे गए सारे सामान व जिस हथियार से घटना को अंजाम दिया गया उसे बरामद कर लिया गया। मामले में नगर थाना इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने बताया कि रविवार की अलसुबह उनके मोबाइल पर एक लड़की का फोन आया जिसने अपना पता चीक टोली मोड़ बताया और कहाकि उसके घर के बाहर कोई जबरदस्ती दरवाजा खुलावा रहा है। जिससे वह भयभीत है। इसके बाद तत्काल स्टेशन रोड और बबुनिया मोड़ पर गश्त कर रही पार्टी सहित टाइगर मोबाइल को सूचना दी गई। सूचना के बाद टाइगर मोबाइल घटनास्थल की ओर बढ़ी। इसके बाद चीक टोली मोड़ पर घायलावस्था में एक यात्री गिरा हुआ था जिसने अपने संग लूट की घटना के बारे में जानकारी देते हुए अपराधी को चमड़ा मंडी वाली सड़क के तरफ भागने के बारे में जानकारी दी। इसके बाद टाइगर मोबाइल उस अपराधी का पीछा करने लगी। तभी थोड़ी देर में बबुनिया मोड़ की गश्त पार्टी चीक टोली मोड़ पहुंची जहां से घायल यात्री को अपने संग लेकर सदर अस्पताल पहुंची।जहां उसका इलाज कराया गया। इसी बीच टाइगर मोबाइल ने उस अपराधी को एक चारदीवारी के अंदर से पकड़ लिया। उस समय उसके पास यात्री से लूटे गए उसके कपड़े, कार्यालय के सारे कागजात व चाकू को बरामद किया गया। सुबोध कुमार ने बताया कि पकड़ा गया अपराधी नगर थाना व सराय ओपी में कई मामलों में वांछित है। वह पी देवी मोड़ पर एक व्यक्ति को गोली मारकर लूट करने, इसके बाद एक फरारी का मामला, टाउन में लूट, छिनतई,आर्म्स एक्ट सहित चोरी के अन्य मामलों में फरार चल रहा था। पूछताछ के बाद उसे रविवार को जेल भेज दिया गया।