4 दिसंबर से सिवान में सजेगा किसान मेला, फल-फूल और सब्जियों की उन्नत खेती के मिलेंगे टिप्स
सिवान में 4 और 5 दिसंबर को आत्मा द्वारा दो दिवसीय किसान मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। यह मेला किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती और फल-फूल-सब्जी उत्पादन के उन्नत तरीकों से परिचित कराएगा।

4 दिसंबर से सिवान में सजेगा किसान मेला (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
जागरण संवाददाता, सिवान। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती और उन्नत कृषि पद्धतियों से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) के तत्वावधान में दो दिवसीय किसान मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत यह आयोजन आगामी चार एवं पांच दिसंबर को जिला कृषि कार्यालय परिसर में होगा। दोनों दिन कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे से शुरू होगा।
उत्पादन से संबंधित प्रादर्श होंगे विशेष आकर्षण
मेले में किसानों के ज्ञानवर्द्धन और उन्हें खेती की नई तकनीकों से परिचित कराने के लिए विभिन्न विषयों पर आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें प्राकृतिक खेती, उत्कृष्ट कृषि तकनीक, फल-फूल एवं सब्जियों के उन्नत उत्पादन से संबंधित प्रादर्श विशेष आकर्षण होंगे।
इसके अलावा कृषि क्षेत्र में तेजी से उभर रही इमरजिंग टेक्नोलॉजी को भी प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। आत्मा के परियोजना निदेशक सह जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ आधुनिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
तकनीकों और तरीकों को भी प्रमुखता
प्रदर्शनी में उपलब्ध तकनीकी जानकारियों और कृषि प्रादर्शों के जरिए किसान बेहतर उत्पादन, गुणवत्तापूर्ण उपज और खेती की नवीन संभावनाओं को समझ सकेंगे। प्राकृतिक खेती के प्रति बढ़ती रुचि को देखते हुए इससे जुड़ी तकनीकों और तरीकों को भी प्रमुखता दी जाएगी।
वहीं फल, फूल एवं सब्जियों की खेती में बेहतर तकनीक और उन्नत उत्पादन के तौर-तरीकों की जानकारी किसानों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। दो दिनों तक चलने वाले इस मेले में किसानों को कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों को करीब से देखने और नई तकनीकों से परिचित होने का अवसर मिलेगा। आत्मा की इस पहल से जिले के किसानों को खेती में बदलाव और आधुनिक कृषि की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।