सिवान सदर अस्पताल में डेड बॉडी के गले से चुराई सोने की चेन, CCTV फुटेज के आधार पर चोर की तलाश में जुटी पुलिस
सिवान सदर अस्पताल में मृत महिला के शव से सोने की चेन चोरी होने के मामले में अस्पताल प्रबंधन ने ...और पढ़ें
HighLights
सिवान सदर अस्पताल में मृत महिला के शव से चेन चोरी हुई।
अस्पताल प्रबंधन ने इस मामले में नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान कर रही है।
जागरण संवाददाता, सिवान। मॉडल सदर अस्पताल के आपात कक्ष के समीप मृत महिला के शव से सोने की चेन निकालकर फरार होने की खबर दैनिक जागरण में प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद मामले में अस्पताल प्रबंधन ने नगर थाने में प्राथमिकी कराई है।
घटनाक्रम का वीडियो बुधवार को इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हुआ था। प्राथमिकी के बाद पुलिस अपनी जांच शुरू कर दी है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सिंह ने स्वास्थ्यकर्मियों से पूछताछ के बाद पुलिस को संदिग्ध युवक का फोटो और सीसी कैमरा फुटेज सौंपा है।
आरोपित की पहचान करने में जुटी
पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान करने में जुटी है। वहीं एक दिन पूर्व तक शव की शिनाख्त नहीं करने वाले अस्पताल प्रबंधन ने उक्त शव की शिनाख्त कर दी है। मृत महिला की पहचान महाराजगंज थाना क्षेत्र के बंगरा निवासी राजन ठाकुर की 35 वर्षीय पत्नी आरती देवी के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि सांप काटने के बाद उनकी तबीयत गंभीर हो गई थी। उन्हें महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया था। हालांकि, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को सदर अस्पताल के आपात कक्ष के समीप स्ट्रेचर पर रखा गया था।
सोने की चेन निकालकर वहां से फरार
अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में एक युवक शव के आसपास किसी के नहीं होने का फायदा उठाता दिखाई दे रहा है। बताया गया कि युवक स्ट्रेचर को रजिस्ट्रेशन काउंटर के सामने सुनसान स्थान पर ले गया। इसके बाद महिला के गले से सोने की चेन निकालकर वहां से फरार हो गया।
अस्पताल कर्मियों के अनुसार संदिग्ध युवक पहले भी अस्पताल में आता-जाता रहा है। अस्पताल प्रबंधन ने उसका फोटो और सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दिया है। अधीक्षक ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कराने के साथ सभी उपलब्ध साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए गए हैं। पुलिस आरोपित की पहचान कर उसके विरुद्ध कार्रवाई में जुटी है।
