विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिवान के किसानों को बड़ी राहत, महज ₹6 प्रति किलो मिलेगी जैविक खाद

Published: Tue, 27 Oct 2026 03:05 PM (IST)

सिवान के गोरेयाकोठी में ₹7 लाख की लागत से निर्मित अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई में जैविक खाद का उत्पादन शुरू हो ...और पढ़ें

₹6 प्रति किलो मिलेगी जैविक खाद

₹6 प्रति किलो मिलेगी जैविक खाद

संवाद सूत्र, गोरेयाकोठी (सिवान)। प्रखंड के दक्षिणी सरारी पंचायत के वार्ड संख्या सात में करीब सात लाख रुपये की लागत से निर्मित अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई में जैविक खाद बनाने का काम शुरू हो गया है। 

इकाई के औपचारिक उद्घाटन के बाद किसानों और अन्य जरूरतमंदों को छह रुपये प्रति किलोग्राम की दर से जैविक खाद उपलब्ध कराई जाएगी। इससे किसानों को कम कीमत पर जैविक खाद मिलने के साथ ही कचरा प्रबंधन को भी बढ़ावा मिलेगा।

सूखे और गीले कचरे को रखने के लिए अलग-अलग व्यवस्था

मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार ने स्थानीय मुखिया परशुराम प्रसाद के साथ इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इकाई में कचरे के संग्रहण और प्रसंस्करण के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 

मुखिया ने बताया कि इकाई में प्लास्टिक, टिन, सूखे और गीले कचरे को रखने के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है, ताकि कचरे का उचित तरीके से निस्तारण किया जा सके।

किसानों को भी लाभ मिलने की उम्मीद 

निरीक्षण के दौरान इकाई में कार्यरत 17 स्वच्छता कर्मियों को परिचय पत्र भी उपलब्ध कराया गया। बीडीओ ने बताया कि छठ महापर्व के आसपास इकाई का औपचारिक उद्घाटन होने की संभावना है। इसके बाद यहां तैयार जैविक खाद की बिक्री शुरू की जाएगी। 

कहा कि इस इकाई के संचालन से पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और कचरे का उपयोगी उत्पाद में रूपांतरण करने में मदद मिलेगी। साथ ही, जैविक खाद की उपलब्धता से किसानों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। मौके पर पंचायत सचिव रामकुमार राम, स्वच्छता पर्यवेक्षक परमल कुमार साह, चंचल महतो, जितेंद्र महतो, छोटेलाल महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- सहरसा के किसानों की बल्ले-बल्ले, धान के समर्थन मूल्य में ₹72 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी; 1 नवंबर से खरीद शुरू