विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहरसा के किसानों की बल्ले-बल्ले, धान के समर्थन मूल्य में ₹72 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी; 1 नवंबर से खरीद शुरू

Published: Tue, 27 Oct 2026 11:42 AM (IST)

सहरसा में धान के समर्थन मूल्य में ₹72 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है, जिससे अब यह ₹2441 हो गया ...और पढ़ें

धान के समर्थन मूल्य में ₹72 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी(एआई जेनरेटेड तस्वीर)

धान के समर्थन मूल्य में ₹72 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी(एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. धान का समर्थन मूल्य ₹72 बढ़कर ₹2441 प्रति क्विंटल हुआ।

  2. सहरसा में 1 नवंबर से धान की खरीद होगी शुरू।

  3. किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

संवाद सहयोगी, सहरसा। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने साधारण धान का समर्थन मूल्य 2369 रुपये से बढ़ाकर 2441 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। कोसी क्षेत्र में ए ग्रेड धान का उत्पादन नहीं के बराबर होता है। साधारण धान बाजार में 18-19 सौ रुपये से अधिक में नहीं बिक पाता। 

इस वर्ष सहरसा जिले में 76356 हेक्टेयर में धान की अच्छी खेती हुई है। ऐसे में अगर खरीद में पारदर्शिता बरती गई तो, सहकारी समितियों द्वारा खरीद में और 72 रुपये क्विंटल की बढ़ोतरी से इलाके के खासकर लघु- सीमांत किसान काफी लाभांवित हो सकते हैं। 

रैयत से ढाई सौ और गैर रैयत किसान से होगी एक सौ क्विंटल तक की खरीद

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने एक नवंबर से धान की खरीद के साथ हर हाल में धान बेचने वाले किसान को 48 घंटे के अंदर भुगतान का आदेश दिया है। विभाग ने रैयत किसानों से ढाई सौ क्विंटल तक और गैर रैयत किसानों से एक सौ क्विंटल तक धान क्रय करने का प्रावधान किया है। 

धान क्रय के लिए सहरसा जिले के 112 पैक्सों व सात व्यापार मंडलों का चयन किया गया है। अभी जिले के धान क्रय का लक्ष्य निर्धारित नहीं हुआ है, परंतु इन सभी समितियों को तत्काल एक- एक लाट धान क्रय के लिए कैश क्रेडिट की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। लक्ष्य निर्धारित होने पर कैश क्रेडिट को भी बढ़ाया जा सकता है।

एक नवंबर से जिले में धान की खरीद होगी। सभी समितियों को अधिकाधिक किसानों से धान क्रय करने के लिए कहा गया है। समितियों को अधिकाधिक किसान से धान क्रय करने और 48 घंटे के अंदर भुगतान का आदेश दिया गया है। इससे जिले के किसान काफी लाभांवित हो सकते हैं। - जयप्रकाश सिंह, डीसीओ, सहरसा।

यह भी पढ़ें- कोसी के मखाने की देशभर में बढ़ी मांग, सहरसा से हर दिन दूसरे राज्यों में जा रहा 50 बोरा मखाना